नर्मदापुरम जिले के इटारसी में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री सोमवार रात उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब फैक्ट्री के आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी मिली। मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई। यह वही फैक्ट्री है, जहां भारतीय सेना के लिए बम, बारूद और मिसाइल जैसे संवेदनशील हथियार तैयार होते हैं। सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल तमिलनाडु से भेजे जाने का दावा किया गया है। मेल में लिखा गया कि इटारसी ऑर्डनेंस फैक्ट्री के साथ-साथ अभिनेता रजनीकांत और संगीतकार इलैयाराजा के आवास पर भी RDX बम लगाए गए हैं। संदेश में यह भी चेतावनी दी गई कि धमाके से पहले इन जगहों को खाली करा लिया जाए।
धमकी सामने आते ही पथरौटा, इटारसी, रामपुर और तवानगर थानों का पुलिस बल तुरंत फैक्ट्री परिसर पहुंच गया। पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया गया। अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाने लगी। मौके पर एएसपी अभिषेक राजन भी पहुंचे और हालात की निगरानी की।
जांच में जुटी इटारसी पुलिस
एसपी साईं कृष्णा थोटा ने बताया कि धमकी वाले ईमेल की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि मेल कहां से और किस मकसद से भेजा गया। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और किसी भी खतरे से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी मुश्किल बम डिस्पोजल स्क्वॉड की उपलब्धता को लेकर सामने आई। जानकारी के अनुसार जिले की एक टीम मुख्यमंत्री और जेपी नड्डा के बैतूल दौरे की सुरक्षा में लगी है। दूसरी टीमें ग्वालियर और बुरहानपुर में तैनात हैं। स्थानीय टीम न होने के कारण आनन-फानन में छिंदवाड़ा से बम स्क्वॉड बुलाया गया।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
यह पहली बार नहीं है जब ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को इस तरह का मेल मिला हो। इससे पहले 17 अप्रैल को भी धमकी दी गई थी, जो जांच में फर्जी निकली थी। हालांकि, दोबारा ऐसा मेल आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। इस बार भेजे गए मेल में “पाकिस्तान-उदयनधि योजना” का उल्लेख भी किया गया है और मंगलवार को धमाका होने की बात लिखी गई है। इसी वजह से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं। पथरौटा थाने में इसकी आधिकारिक शिकायत दर्ज कर ली गई है और हर एंगल से जांच जारी है।
