राजगढ़ | गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने राजगढ़ जिले के विभिन्न आश्रमों में पहुंचकर गुरुजनों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि “गुरु ही जीवन को दिशा देने वाले प्रकाशस्तंभ हैं, उनके आशीर्वाद से ही लोकसेवा जैसी जिम्मेदार भूमिका निभाने की शक्ति मिलती है।”
अंगवस्त्र किए भेंट
राज्यमंत्री पंवार ने अपनी आस्था यात्रा की शुरुआत राजगढ़ के बादलपुरा स्थित मां बगलामुखी मंदिर से की, जहाँ उन्होंने विधिवत पूजन कर निलेश गुरुजी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद, उन्होंने सलेपुर के गुरु स्थान, सुठालिया स्थित कबीर पंथी आश्रम और बम-बम आश्रम का दौरा किया। प्रत्येक स्थल पर उन्होंने संत-महात्माओं का सम्मान कर उन्हें पुष्पवर्षा व अंगवस्त्र भेंट किए।
की प्रार्थना
इस दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता के कल्याण और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “गुरु पूर्णिमा केवल परंपरा का नहीं, आत्म-चिंतन और मार्गदर्शन का दिन है। समाज में जब भी अंधकार छाता है, गुरु अपने ज्ञान से प्रकाश फैलाते हैं। आज भी उनके आशीर्वाद से ही हम सेवा पथ पर टिके रहते हैं।”
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज सुठालिया स्थित कबीरपंथी आश्रम पहुंचकर गुरुदेव के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।#गुरु_पूर्णिमा #gurupurnima #narayansinghpanwar pic.twitter.com/v1Xo2N92Go
— Narayan Singh Panwar (@bjpnspbiaora) July 10, 2025
संतों से चर्चा के दौरान मंत्री पंवार ने प्रदेश में चल रहे जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और संतजनों से सामाजिक सद्भाव और सकारात्मकता बनाए रखने में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संकल्पित है, और इसमें आध्यात्मिक मार्गदर्शन बेहद आवश्यक है।
ये लोग रहे मौजूद
गुरुजनों से आशीर्वाद लेने के बाद मंत्री पंवार ने श्रद्धालुओं को भी संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन में गुरु के बताए मार्ग को अपनाएं और उनके आदर्शों के अनुरूप समाजसेवा में आगे बढ़ें। पूरे दिन चले इस दौरे में राज्यमंत्री पंवार के साथ प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
