भोपाल | मध्यप्रदेश सरकार ने बैतूल जिले को बड़ी सौगात देने की तैयारी शुरू कर दी है। जिले में पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर मेडिकल कॉलेज और शिक्षण अस्पताल स्थापित किया जाएगा। बुधवार को मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस परियोजना की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
675 बैड का शिक्षण अस्पताल
इस योजना के तहत बैतूल जिला अस्पताल का विस्तार किया जाएगा। मौजूदा 300 बैड की क्षमता को बढ़ाकर 675 बैड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तैयार किया जाएगा। यहां अत्याधुनिक कैथलैब, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ेगी, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों को बढ़ावा
परियोजना के पूरा होने के बाद न सिर्फ इलाज की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि बैतूल में मेडिकल शिक्षा के नए अवसर भी खुलेंगे। प्रस्तावित कॉलेज में एमबीबीएस और पीजी (एमडी) कोर्स संचालित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल और फैकल्टी व स्टाफ के लिए आवासीय परिसर भी बनाया जाएगा।
एक वर्ष में तैयार करने का लक्ष्य
बैठक में आरकेडीएफ ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुनील कपूर ने बताया कि कॉलेज और अस्पताल का निर्माण कार्य एक साल में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी और मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित किए बिना विस्तार किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति हमारी संवेदना है और सजगता भी…
स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज हमारा पीपीपी मॉडल पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन रहा है। हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रदेश में PPP Model पर मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिसमें अब तक 4 मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं और इसे आगे… pic.twitter.com/ORluoXnjpX
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 25, 2025
बैठक में विधायक हेमन्त खंडेलवाल, महेन्द्र सिंह चौहान और चन्द्रशेखर देशमुख भी मौजूद रहे। खंडेलवाल ने कहा कि यह काम जिले की प्राथमिकता है और यदि किसी भी स्तर पर अड़चन आती है, तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।
हर तिमाही में रिपोर्ट
आरकेडीएफ समूह परियोजना शुरू होने के 90 दिनों के भीतर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन सरकार को सौंपेगा। इसके बाद हर तीन महीने में प्रगति रिपोर्ट दी जाएगी। साथ ही पर्यावरणीय मानकों और बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री का बयान
राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। बैतूल में मेडिकल कॉलेज की स्थापना इसी प्रयास का हिस्सा है। इससे न केवल जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों की जनता को भी फायदा होगा।
