,

MP का 70वां स्थापना दिवस: लाल परेड ग्राउंड से उठी ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ की नई उड़ान; विजन 2047 लॉन्च

Author Picture
Published On: 1 November 2025

पूरे MP में आज का दिन गर्व और जश्न से भरा रहा। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड से शुरू हुए मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसी मंच से उन्होंने विजन डॉक्यूमेंट 2047 जारी किया और देश का पहला ई-सेवा नागरिक एप भी लॉन्च किया। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे। सुबह मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश प्रदर्शनी’ का शुभारंभ किया। इस प्रदर्शनी में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और भविष्य के विजन को खूबसूरती से पेश किया गया।

यहां ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’, ‘मध्यप्रदेश के गौरव विक्रमादित्य’, ‘विक्रमादित्य की मुद्राएं’, ‘बावड़ियां’, ‘पारंपरिक कला’, और ‘विरासत से विकास’ जैसी झलकियां खास आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक नृत्य से हुई, जहां स्थानीय युवक-युवतियों ने प्रदेश की लोकसंस्कृति को नृत्य के माध्यम से पेश किया।

विजन डॉक्यूमेंट 2047

रविंद्र भवन में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री यादव ने ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ दृष्टि पत्र का विमोचन किया। इस दस्तावेज़ में अगले 22 वर्षों में प्रदेश को ‘सुखी, समृद्ध और आत्मनिर्भर’ बनाने का खाका खींचा गया है। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि विजन डॉक्यूमेंट बनाने में 4 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी रही। इसमें उद्योग, कृषि, शिक्षा, पर्यटन और सुशासन से जुड़े ठोस लक्ष्य तय किए गए हैं।

  • औद्योगिक निवेश ₹2.9 लाख करोड़ से बढ़ाकर ₹60 लाख करोड़ करने का लक्ष्य।
  • 1 करोड़ रोजगार सृजित करने का संकल्प।
  • 500 एकीकृत विद्यालय, 10 ग्लोबल स्किल पार्क, और 100% साक्षरता का लक्ष्य।
  • 8 नए एयरपोर्ट, हर परिवार को पक्का मकान और नल-जल सुविधा देने का रोडमैप।
  • ई-सेवा एप की शुरुआत, 1700 सरकारी सेवाएं एक क्लिक पर

प्रदेश सरकार ने आज से ‘ई-सेवा नागरिक एप’ की भी शुरुआत की है। यह देश का पहला ऐसा पोर्टल है, जहां एक साथ 1700 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शुरुआत में 500 सेवाएं शुरू की गई हैं और अगले तीन महीनों में सभी सेवाएं ऑनलाइन मिलने लगेंगी। अब जन्म से मृत्यु तक की सभी सरकारी सुविधाओं के लिए नागरिकों को भटकना नहीं पड़ेगा।

ओंकारेश्वर को मिला नया वन्यजीव अभ्यारण्य

स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने एक और बड़ा ऐलान किया है। खंडवा और देवास जिलों को मिलाकर ओंकारेश्वर वन्यजीव अभ्यारण्य बनाया जाएगा। यह अभ्यारण्य 611 वर्ग किलोमीटर में फैला होगा और डूब क्षेत्र को इससे बाहर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि असम से जल्द जंगली भैंसा और गेंडे भी मध्यप्रदेश लाए जाएंगे। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का गठन अलग-अलग क्षेत्रों को मिलाकर हुआ, जैसे शरीर में दिल जोड़ता है। जिस तरह दिल पूरे शरीर को जीवंत रखता है, उसी तरह मध्यप्रदेश देश को जीवंत रखता है। उन्होंने कहा कि 70 साल की यात्रा में राज्य ने विकास की नई परिभाषाएं गढ़ी हैं और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह राज्य नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री बोले

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि मध्यप्रदेश केवल भारत का दिल नहीं, बल्कि इसकी आत्मा है। उज्जैन के महाकाल से लेकर ग्वालियर के संगीत, खजुराहो की कला और नर्मदा की धारा तक, यह राज्य भारत की असली पहचान है। उन्होंने बताया कि 2014 में देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, जो अब बढ़कर 164 हो गए हैं। मध्यप्रदेश में भी 8 एयरपोर्ट तैयार हो चुके हैं और उज्जैन में नया एयरपोर्ट जल्द शुरू होगा।

3 दिन तक ‘अभ्युदय’ का उत्सव

  • स्थापना दिवस का जश्न 1 से 3 नवंबर तक चलेगा।
  • पहला दिन (1 नवंबर): लाल परेड ग्राउंड पर 500 कलाकारों का प्रस्तुति “विश्ववंद – श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा” और देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो।
  • दूसरा दिन (2 नवंबर): लोक कलाकारों और युवा प्रतिभाओं के कार्यक्रम, पारंपरिक नृत्य और राज्य की झलकियां।
  • तीसरा दिन (3 नवंबर): महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य का मंचन और मुंबई की गायिका स्नेहा शंकर की प्रस्तुति।
  • पर्यटन को नई उड़ान- हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत

प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आज से ‘पीएम श्री हेलिकॉप्टर पर्यटन सेवा’ की शुरुआत हुई। यह सेवा भोपाल से उज्जैन, खजुराहो, बांधवगढ़ और अन्य प्रमुख स्थलों तक यात्रियों को जोड़ेगी। PPP मॉडल पर शुरू की गई इस सेवा के तहत हफ्ते में पांच दिन उड़ानें चलेंगी। यह राज्य के एडवेंचर और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान देगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp