MP Board Exam 2026 : मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं का संशोधित टाइमटेबल जारी कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी नई अधिसूचना में 10वीं और 12वीं कक्षा के कुछ प्रमुख विषयों की तिथियों और क्रम में बदलाव किया गया है। इसका सीधा असर लाखों विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी पर पड़ेगा, इसलिए बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि नई जानकारी तुरंत छात्रों तक पहुंचाई जाए।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 10वीं कक्षा का हिंदी विषय, जो पहले 11 फरवरी को निर्धारित था, अब 6 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। वहीं 12वीं कक्षा में उर्दू और मराठी की परीक्षा 9 फरवरी के बजाय 6 मार्च को होगी। इसके अलावा 12वीं का हिंदी पेपर भी 7 फरवरी की जगह अब 7 मार्च 2026 को लिया जाएगा। इन बदलावों से छात्रों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
MP Board Exam 2026
एमपी बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षाएं पूर्व की तरह सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही आयोजित होंगी। समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बोर्ड ने यह भी कहा है कि प्रश्नपत्र, विषय कोड और परीक्षा अवधि से जुड़ी सभी जानकारियां नई अधिसूचना के अनुसार ही मान्य होंगी।
संशोधित टाइमटेबल के अनुसार, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। इसके बाद 13 फरवरी को फिजिक्स, इकोनॉमिक्स और व्यावसायिक विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 14 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी और संगीत, जबकि 16 फरवरी को संस्कृत विषय की परीक्षा तय की गई है।
कला के प्रमुख विषय
बोर्ड के अनुसार 18 फरवरी को एलिमेंट ऑफ साइंस, अकाउंटेंसी, ड्रॉइंग-पेंटिंग और होम मैनेजमेंट की परीक्षा होगी। 19 फरवरी को साइकोलॉजी, 20 फरवरी को फिजिकल एजुकेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 21 फरवरी को एग्रीकल्चर और अकाउंटेंसी की परीक्षा रखी गई है। इसके बाद 23 फरवरी को बायोलॉजी, 25 फरवरी को गणित, 26 फरवरी को पॉलिटिकल साइंस और 27 फरवरी को इनफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस की परीक्षा होगी। अंतिम परीक्षा 7 मार्च को हिंदी की होगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन pic.twitter.com/vxhT3MZ7PP
— School Education Department, MP (@schooledump) January 12, 2026
13 फरवरी से 10वीं की परीक्षाएं
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी 2026 को उर्दू विषय से शुरू होगी। 14 फरवरी को एनएसक्यूएफ और एआई, 17 फरवरी को अंग्रेजी, 19 फरवरी को संस्कृत और 20 फरवरी को मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी, कंप्यूटर सहित कला विषयों की परीक्षा होगी। गणित 24 फरवरी, विज्ञान 27 फरवरी और सामाजिक विज्ञान 2 मार्च को होगा। अंतिम परीक्षा 6 मार्च को हिंदी की रहेगी।
बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित टाइमटेबल को नोटिस बोर्ड, मॉर्निंग असेंबली और अभिभावक समूहों के माध्यम से तुरंत प्रसारित किया जाए। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर पूरा टाइमटेबल उपलब्ध है, जहां से छात्र इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
