भोपाल में आयोजित सर्विस मीट 2026 के शुभारंभ अवसर पर MP के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डीएसपी (DSP) और एडिशनल एसपी (ASP) के पदों पर लंबे समय से लंबित प्रमोशन को शीघ्र मंजूरी मिल जाएगी। सीएम ने बताया कि पिछले 12 सालों से यह प्रमोशन नहीं हुआ था, लेकिन अब इस संबंध में जल्द ही खबर आएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कुल 7500 पुलिस कर्मियों की नई भर्ती की जाएगी। इसके अलावा, ड्राइवर के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कदम का उद्देश्य प्रदेश में पुलिस विभाग को और मजबूत बनाना और कर्मियों की कमी को पूरा करना बताया गया।
MP में पुलिस
सर्विस मीट 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिसमें डीजीपी कैलाश मकवाना और भारतीय पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष चंचल शेखर ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के IPS अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अधिकारियों ने राज्य पुलिस की कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की।
पदोन्नति से विभाग को मिलेगा नया उत्साह
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रमोशन के बाद पुलिस विभाग में नई ऊर्जा आएगी। वरिष्ठ अधिकारियों को नए दायित्व सौंपे जाने से पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और जनसेवा में सुधार होगा। साथ ही यह कदम अधिकारियों में नैतिक और पेशेवर प्रोत्साहन भी देगा। सीएम ने कहा कि पुलिस विभाग की आवश्यकताओं के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ड्राइवर और अन्य पदों पर भर्ती के लिए विभाग से प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा गया है। इस कदम से न केवल पुलिस बल में मजबूती आएगी, बल्कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
