आनंद नगर, भोपाल के व्यापारी मंडल और स्थानीय नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से उनके निवास पर मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी गोविंदपुरा क्षेत्र के नागरिकों और प्रभावित दुकानदारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में 40-50 वर्षों से चल रही दुकानों को तोड़ने के आदेश अमानवीय और असंवेदनशील हैं। उन्होंने इसे सीधे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रोज़ी-रोटी पर हमला बताया।
MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी
पटवारी ने कहा, “मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार ने बिना संवाद, बिना पुनर्वास और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानों को तोड़ने के आदेश दिए। जिस क्षेत्र ने 40 वर्षों तक भाजपा को वोट दिया, आज उसी क्षेत्र की जनता को बुलडोज़र के नीचे कुचला जा रहा है। क्या यही 40 साल की वफादारी का इनाम है?”
मुआवजे में भेदभाव का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि मुआवजे के नाम पर गंभीर भेदभाव किया जा रहा है। कुछ प्रभावशाली लोगों को ही लाभ दिया गया, जबकि अधिकांश छोटे दुकानदारों को या तो मुआवजा नहीं मिला या नाममात्र की राशि दी गई। पटवारी ने कहा कि नई दुकान खोलना आज के समय में बेहद कठिन है, ऐसे में बिना उचित पुनर्वास और मुआवजे के कार्रवाई अन्यायपूर्ण है।
गोविंदपुरा के आनंद नगर में छोटे व्यवसायिक भाई जो 30 से 40 वर्षों से मेहनत कर अपनी दुकानें चला रहे हैं। अब तथाकथित विकास के नाम पर मोहन सरकार उनकी दुकानों पर बुलडोज़र चला रही है।
आज सभी पीड़ित परिजनों से मिलकर उनके दुख दर्द की बातें सुनीं। pic.twitter.com/7g6VA4oYJ8
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) January 31, 2026
भोपाल कलेक्टर से की मांग
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पटवारी ने भोपाल कलेक्टर से कॉल के माध्यम से बातचीत कर आग्रह किया कि किसी भी गरीब दुकानदार की दुकान बिना वैकल्पिक व्यवस्था और सम्मानजनक मुआवजे के न तोड़ी जाए। पटवारी ने निर्देश दिए कि भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष तत्काल विरोध प्रदर्शन करें और कानूनी कदम उठाएं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी सदन से लेकर सड़क तक इस लड़ाई को लड़ेगी। गरीबों की रोज़ी-रोटी पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
