भोपाल | हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती पर गुरुवार को राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस का भव्य शुभारंभ हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित खिलाड़ियों व नागरिकों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई। सुबह से ही स्टेडियम खेल भावना और उत्साह से सराबोर रहा।
खेलों की बहार
‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत दिनभर खिलाड़ियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। योग, फुटबॉल, एथलेटिक्स, जूडो, बैडमिंटन और बॉक्सिंग जैसे खेलों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और खेल प्रेमी इस पहल से जुड़े। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना और खेलों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उन्होंने अप्रतिम समर्पण और लगन से देश को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। विभिन्न खेलों के माध्यम से देश-प्रदेश का मान बढ़ा रहे खिलाड़ी सर्वोच्च सफलता प्राप्त करें,… pic.twitter.com/gZc1l5NgAN
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 29, 2025
खिलाड़ी बनेगे ब्रांड एंबेसडर
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में खेलों को जनांदोलन बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे आगामी तीन माह में कम से कम 10 लोगों को खेल और फिटनेस के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा, “खिलाड़ी हमारे ब्रांड एंबेसडर बनेंगे, जो समाज में खेलों के प्रति जागरूकता और सक्रियता का संदेश देंगे।”
शाम को रोमांचक हॉकी मुकाबला
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शाम 4 बजे मध्यप्रदेश हॉकी टीम और रेलवे टीम के बीच मैत्री मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला मप्र हॉकी अकादमी परिसर में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि रहेंगे। इस दौरान प्रदेश के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। खेल प्रेमियों में इस मैच को लेकर खासा उत्साह है।
Bhopal, Madhya Pradesh: On the occasion of National Sports Day and the 120th birth anniversary of hockey legend Major Dhyan Chand, Minister Vishvas Sarang paid tribute to the hockey maestro pic.twitter.com/chLlDK0hl0
— IANS (@ians_india) August 29, 2025
तीन दिवसीय महोत्सव
राष्ट्रीय खेल दिवस को इस बार विशेष रूप से मनाने के लिए प्रदेश के सभी 313 ब्लॉक्स में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय खेल एवं फिटनेस महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रतियोगिताएं, मैत्री मैच, कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और अधोसंरचना उपलब्ध कराने में अग्रणी है। तीन दिवसीय यह महोत्सव ‘खेलो इंडिया, फिट रहो इंडिया’ के संकल्प को और मजबूती देगा।
