मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed) के छात्रों के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। मंडल ने फर्स्ट और सेकंड ईयर की द्वितीय अवसर परीक्षा (Second Chance Exam) का टाइम टेबल घोषित कर दिया है। अब ये परीक्षाएं 19 नवंबर 2025 से शुरू होंगी और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएंगी। मंडल के मुताबिक, पहले साल (First Year) के विद्यार्थियों की परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होकर 29 नवंबर तक चलेगी। वहीं, सेकंड ईयर के स्टूडेंट्स की परीक्षा 27 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी। दोनों ही परीक्षाओं में छात्रों को दूसरी बार मौका दिया गया है ताकि वे जो विषय पिछली बार नहीं पास कर पाए थे, उन्हें अब सुधार सकें।
MP बोर्ड ने साफ कर दिया है कि इस बार परीक्षा के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा, चाहे बीच में सार्वजनिक या स्थायी अवकाश ही क्यों न पड़े। मतलब अगर परीक्षा की तारीख किसी छुट्टी पर पड़ती भी है, तो भी परीक्षा उसी दिन ली जाएगी। छात्रों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि वे छुट्टियों को लेकर कोई भ्रम न पालें।
टाइम टेबल ऑनलाइन उपलब्ध
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने यह भी बताया कि परीक्षा का पूरा टाइम टेबल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। छात्र वहां से अपने ईयर के अनुसार तारीख, विषय और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं।
डीएलएड की यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए है जो किसी कारणवश पहले अवसर में पास नहीं हो पाए थे। अब उन्हें अपनी गलती सुधारने का मौका मिल रहा है। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि यह “दूसरा और आखिरी अवसर” है, इसलिए छात्रों को पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होना चाहिए।
केंद्रों पर सख्त व्यवस्था
मंडल ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग की जाएगी और नकल रोकने के लिए विशेष दल बनाए गए हैं।
छात्रों को दी गई सलाह
बोर्ड ने छात्रों से कहा है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, एडमिट कार्ड साथ रखें और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न लाएं। परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई तय है। डीएलएड छात्रों के लिए यह नवंबर बेहद अहम होने जा रहा है। बोर्ड ने उन्हें एक और मौका तो दिया है, लेकिन साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि इस बार कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। अब बात सिर्फ एक ही है 19 नवंबर से किस्मत का दूसरा इम्तहान शुरू होगा।
