मध्य प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम मौका सामने है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2025 अब 1 मार्च को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रदेश के 12 संभागीय मुख्यालयों पर एक साथ संपन्न होगी। आयोग ने परीक्षा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं।
इस वर्ष परीक्षा को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोग के अनुसार कुल 1,46,405 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 हजार अधिक हैं। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने से साफ है कि उच्च शिक्षा क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे प्रतियोगिता भी पहले से ज्यादा कड़ी होने वाली है।
MPPSC
गौरतलब है कि यह परीक्षा पहले 11 जनवरी को प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। बाद में नई तारीख 1 मार्च घोषित की गई। अब आयोग की स्टीयरिंग समिति ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। अभ्यर्थी 20 फरवरी से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
31 विषयों में होगी परीक्षा
राज्य पात्रता परीक्षा कुल 31 विषयों के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, वाणिज्य, विज्ञान सहित विभिन्न विषय शामिल हैं। परीक्षा का उद्देश्य योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्यापन के लिए पात्र घोषित करना है।
परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोग ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पूरी प्रक्रिया University Grants Commission (UGC) के नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी दल तैनात रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि नकल या अनुचित साधनों का उपयोग करने पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
