भोपाल | मध्यप्रदेश में ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर लंबे समय से जारी खींचतान के बीच आखिरकार भाजपा सरकार को कांग्रेस की मांग माननी पड़ी। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने अपनी स्पष्ट और ठोस बात रखी। बैठक के बाद कांग्रेस प्रतिनिधियों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इसे पार्टी की बड़ी जीत बताया।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
बैठक में कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता वरुण ठाकुर और रामेश्वर ठाकुर शामिल हुए। इन नेताओं ने सरकार के सामने कांग्रेस की पूर्व स्थिति और पार्टी का रुख मजबूती से रखा।
कांग्रेस ने बताया बड़ी जीत
बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस के संघर्ष का नतीजा है कि आज भाजपा सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने छह साल पहले ही 27% ओबीसी आरक्षण के लिए मजबूत नींव रख दी थी। कमलनाथ सरकार ने न केवल अध्यादेश लाकर बल्कि विधानसभा से कानून पारित कर यह साबित किया था कि कांग्रेस समाज के हक की लड़ाई के लिए गंभीर है। भाजपा अब उसी घर में प्रवेश कर रही है, जिसे कांग्रेस ने खड़ा किया था।
#OBC वर्ग को हार्दिक शुभकामनाएँ!
सरकार को झुकना पड़ा — यह आपकी जीत है।
हमने विधानसभा में आपके अधिकार की लड़ाई लड़ी और उसे जीता। pic.twitter.com/OaKhgBQw1g— Umang Singhar (@UmangSinghar) August 28, 2025
सिंघार ने आगे कहा कि बैठक में यह सहमति बनी है कि कांग्रेस और भाजपा के वकील मिलकर कोर्ट की अड़चनों को दूर करेंगे। हालांकि, उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस की मेहनत पर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जब समाज के हित की बात हो, तो राजनीति नहीं होनी चाहिए और ओबीसी आरक्षण का रास्ता जल्द से जल्द साफ होना चाहिए।
पेचीदगियों पर चर्चा
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री ने कई कानूनी और प्रक्रियात्मक पेचीदगियों का जिक्र किया। इस पर कांग्रेस नेताओं ने सुझाव दिए कि मामले को विधानसभा में लाकर और जरूरत पड़ने पर लोकसभा में प्रस्ताव भेजकर आगे बढ़ाया जाए।
देर आए, दुरुस्त आए: सिंघार
सिंघार ने कहा कि देर आए, दुरुस्त आए। सरकार ने अपनी गलती मान ली और सुधारने का प्रयास किया है। भाजपा छह साल तक मामले को अटकाती रही, लेकिन यह लड़ाई कांग्रेस ने लड़ी है और आज यह हमारी जीत है।