मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने दुनिया को अहिंसा का संदेश दिया और हमें स्वदेश से प्रेम करना सिखाया। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर हमेशा जोर दिया। गांधी जी के विचार आज भी हमारे देश के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही भारत आज आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गांधी जयंती के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने परिसर में लगी महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सेवा पखवाड़े का समापन
उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्श और सिद्धांत हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। हमारी सरकार भी विरासत से विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ का नारा भी लगाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा गांधी जयंती के अवसर पर औपचारिक रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
आज भोपाल में माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री @Hkhandelwal1964 जी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री @HitanandSharma जी के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। pic.twitter.com/PSZJVmM8vo
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 2, 2025
शास्त्री जी को दी श्रद्धांजलि
गांधी जयंती के साथ ही गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शास्त्री जी की प्रतिमा और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देश को ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा दिया, जो आज भी हर भारतीय के दिल में गूंजता है। उनका सादा जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सबके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
नागरिकों की उपस्थिति
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक हितानंद शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय और रविंद्र यति सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
