भोपाल | हर वर्ष 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया जाता है। यह दिन फोटोग्राफी के महत्व और उसकी उपयोगिता को याद करने का अवसर प्रदान करता है। फोटोग्राफी केवल एक कला नहीं, बल्कि यह जीवन के सुंदर पलों, भावनाओं और इतिहास को सहेजने का एक सशक्त माध्यम है। तस्वीरें समय को स्थिर कर देती हैं और उन क्षणों को अमर बना देती हैं, जिन्हें शब्दों से व्यक्त करना कठिन होता है। आज डिजिटल युग में फोटोग्राफी की दुनिया लगातार बदल रही है।
स्मार्टफोन कैमरा से लेकर प्रोफेशनल हाई-टेक उपकरणों तक, तकनीक ने इस कला को और सुलभ और रचनात्मक बना दिया है। सोशल मीडिया ने भी फोटोग्राफी को नए आयाम दिए हैं, जहां एक तस्वीर लाखों लोगों तक पहुँचकर समाज को प्रभावित कर सकती है।
फोटोग्राफरों का योगदान न केवल व्यक्तिगत जीवन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पत्रकारिता, विज्ञान, पर्यटन और सामाजिक आंदोलनों जैसे अनेक क्षेत्रों में भी उनकी भूमिका अहम है। यही कारण है कि विश्व फोटोग्राफी दिवस पर हम उन सभी फोटोग्राफरों को सम्मान देते हैं, जो अपनी प्रतिभा और दृष्टि से दुनिया को नए नजरिए से देखने का अवसर प्रदान करते हैं।
दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर सभी फोटोग्राफरों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में प्रेस प्रकोष्ठ से जुड़े फोटोग्राफरों से मुलाकात की और उनके साथ सामूहिक फोटो खिंचवाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फोटोग्राफी केवल एक कला नहीं है, बल्कि यह जीवन के खूबसूरत पलों को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों के लिए उन्हें संजो कर रखने का एक अनमोल साधन है। उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया डिजिटल माध्यमों से जुड़ी है, ऐसे समय में फोटोग्राफी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
विश्व फोटोग्राफी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
प्राकृतिक सौंदर्य, लोक संस्कृति और अद्वितीय वन्य जीवन से समृद्ध मध्यप्रदेश, फोटोग्राफर्स के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। उन सभी को नमन करता हूं, जिन्होंने कैमरे के माध्यम से मध्यप्रदेश को विश्वपटल पर चमकाने के प्रयास किए हैं।… pic.twitter.com/vpdaDrbbqA
— Office of Dr. Mohan Yadav (@drmohanoffice51) August 19, 2025
दुनिया में नाम किया रोशन
उन्होंने उपस्थित फोटोग्राफरों से कहा कि वे अपनी विधा में वैश्विक स्तर पर आ रही तकनीकों को अपनाते हुए न केवल अपनी कला को और निखारें बल्कि व्यवसायिक रूप से भी नए अवसर तलाशें। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि हमारे प्रदेश के फोटोग्राफर साथी अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश और दुनिया में मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने फोटोग्राफी को समाज की आँख बताया और कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में फोटोग्राफरों का योगदान विशेष महत्व रखता है। एक तस्वीर अक्सर शब्दों से अधिक प्रभावी संदेश देती है और समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करती है।
व्यापक पहचान
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रेस प्रकोष्ठ से जुड़े फोटोग्राफरों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी वे हमेशा सक्रिय रहते हैं और समाचारों को जीवंत बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे रचनात्मक कार्यों को हमेशा प्रोत्साहित करेगी। विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में फोटोग्राफरों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि नई तकनीक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उनके काम को और व्यापक पहचान दी है।
