,

एक शादी, तीन दावे और कई सवाल… पूर्व मंत्री दीपक जोशी की निजी ज़िंदगी क्यों बन गई सियासी भूचाल

Author Picture
Published On: 25 December 2025

पूर्व मंत्री दीपक जोशी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं बल्कि उनकी निजी ज़िंदगी है। 4 दिसंबर को कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना से शादी के बाद मामला तब गरमा गया, जब दो अन्य महिलाओं ने भी खुद को उनकी पत्नी बताते हुए दावे सामने रख दिए। देखते ही देखते यह मुद्दा सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया। पल्लवी राज सक्सेना ने फेसबुक पर दीपक जोशी के साथ शादी से जुड़े कई फोटो और वीडियो साझा किए हैं।

इन पोस्ट्स में शादी की रस्में, पारिवारिक माहौल और उत्सव का दृश्य साफ दिखाई देता है। एक वीडियो में दीपक जोशी पल्लवी के साथ डांस करते नजर आते हैं, वहीं आसपास परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद दिखते हैं, जिससे यह आयोजन पूरी तरह पारिवारिक प्रतीत होता है।

मेहंदी वाला वीडियो बना चर्चा का विषय

सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक छोटा सा वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसमें दीपक जोशी हाथों में मेहंदी लगवाते दिखाई देते हैं। वीडियो के दौरान पल्लवी उनसे सवाल करती हैं कि इतने सालों बाद मेहंदी लगवाने का अनुभव कैसा है, लेकिन दीपक जोशी चुप रहते हैं। यही खामोशी अब कई सवालों को जन्म दे रही है। पल्लवी के अलावा दो अन्य महिलाओं ने भी दावा किया है कि दीपक जोशी ने उनसे शादी की है। इन दावों के सामने आने के बाद मामला केवल निजी विवाद नहीं रह गया, बल्कि कानूनी और राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

राजनीतिक एंगल की एंट्री

मामले में हाटपिपल्या से बीजेपी विधायक मनोज चौधरी का बयान भी सामने आया है। देवास में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जिस ऑडियो की उन्होंने पहले शिकायत की थी, उसके पीछे एक बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र था। उनके अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम का मकसद 2023 में उन्हें टिकट न मिलना और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना था। विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि यदि शादी को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया गया है, तो प्रशासन को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने इशारों में कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक द्वेषता से जुड़ा हो सकता है, जो अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है।

दीपक जोशी की शादी और उससे जुड़े दावे अब सिर्फ व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रह गए हैं। सोशल मीडिया पोस्ट, राजनीतिक बयान और अलग-अलग दावों ने इस मामले को जटिल बना दिया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp