,

भोपाल में पार्श्वनाथ निर्वाण महोत्सव, जिनालयों में गूंजे भक्ति के स्वर; श्रद्धालुओं ने लाडू अर्पित कर की आराधना

Author Picture
Published On: 31 July 2025

भोपाल | भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों में जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण महोत्सव पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही शहर के जिनालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और निर्वाण लाडू अर्पण कर प्रभु के चरणों में अपनी श्रद्धा समर्पित की।

भानपुर स्थित जिनालय में मुनि संस्कार सागर महाराज के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। वहीं, गुरु कुलम परिसर में मुनि प्रमाण सागर और मुनि निर्वेग सागर महाराज के ससंघ मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने समवशरण की अनुभूति के साथ पूजा की। नेमीनगर करोद जिनालय में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विधान का आयोजन

प्रोफेसर कॉलोनी में भगवान पार्श्वनाथ विधान का आयोजन किया गया। भव्य मंडल सजाया गया, जहां भक्तों ने श्रद्धापूर्वक अर्ध्य अर्पण किया। इस अवसर पर पूर्व एडीजी पवन जैन, पुण्यार्जक प्रदीप मामा, अध्यक्ष रविंद्र जैन, मनोज एमके और भारत जैन की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।

कस्तूरबा नगर के जिनालय में अध्यक्ष सुनील जैनाविन ने बताया कि प्रभु की विशेष पूजा के साथ जप अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। दिनभर श्रद्धालुओं ने प्रभु की आराधना में भाग लेते हुए संयम, ध्यान और तप का पालन किया।

संध्या काल में आरती

भोपाल के अन्य क्षेत्रों में भी भक्तिभाव की छटा देखने को मिली। नेहरू नगर में मुनि विनंद सागर महाराज, अशोका गार्डन में मुनि सागर महाराज, मंगलवारा में आर्यिका सृष्टि भूषण माताजी और दानिश कुंज में विज्ञा श्री माताजी के ससंघ सान्निध्य में धार्मिक आयोजन हुए। पूरे दिन जिनालयों में “नमो जिनाणं” की पवित्र ध्वनि गूंजती रही और भक्तों ने प्रभु पार्श्वनाथ के निर्वाण दिवस को पूर्ण श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। संध्या काल में आरती और शांतिधारा के साथ भव्य आयोजनों का समापन हुआ।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp