कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत राहुल गांधी गुरुवार को भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। मुलाकात के बाद वे दिल्ली रवाना हो गए, लेकिन उनके संदेश ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि राहुल गांधी ने संगठन को मज़बूत करने के लिए सीधा और साफ संदेश दिया है, “अब वक्त है ज़मीन पर उतरने का।”
पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी का जोर सिर्फ बैठकों या बयानबाज़ी पर नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर काम करने पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब बूथ से लेकर ब्लॉक और जिले तक सक्रिय रहना होगा। राहुल गांधी ने कहा कि संगठन तभी मज़बूत होगा जब हर कार्यकर्ता जनता से सीधा जुड़ाव रखे और उनकी समस्याओं को अपनी प्राथमिकता माने।
की ये अपील
जीतू पटवारी ने बताया कि बैठक में राहुल गांधी ने नेताओं से आपसी मतभेद छोड़कर एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी तभी आगे बढ़ेगी जब सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर एक लक्ष्य के लिए काम करेंगे। राहुल ने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसका संगठन है, और इस संगठन की असली मजबूती कार्यकर्ताओं के भरोसे पर टिकी है। राहुल गांधी ने संगठन सृजन अभियान को लेकर कहा कि अब वक्त है नई सोच और नए उत्साह के साथ कांग्रेस को मज़बूत करने का। उन्होंने ज़मीनी स्तर पर युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी ज़ोर दिया। बैठक में प्रदेश के कई जिलाध्यक्षों ने राहुल गांधी को स्थानीय मुद्दों और संगठन की स्थिति से अवगत कराया।
पटवारी ने बताया कि राहुल गांधी का रुख बेहद सकारात्मक रहा। उन्होंने हर जिले के अध्यक्ष से पूछा कि वे संगठन को कैसे मज़बूत कर सकते हैं और क्या चुनौतियां हैं। राहुल ने सभी को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस का भविष्य ज़मीनी मेहनत से ही तय होगा, न कि बड़े नारों से। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब समन्वय और संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी के भीतर हर स्तर पर एकजुटता बने, इसके लिए आने वाले दिनों में जिला और ब्लॉक स्तर पर लगातार बैठकें होंगी।
संगठन को जगाने वाला पल
राहुल गांधी का यह दौरा भले ही कुछ घंटों का रहा हो, लेकिन कांग्रेस के लिए यह “संगठन को जगाने वाला पल” माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले महीनों में वे दोबारा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर सकते हैं, ताकि संगठन सृजन अभियान को और मजबूती दी जा सके। जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी का संदेश साफ है कि जनता से जुड़ो, जमीनी हकीकत समझो और पार्टी को ताकत दो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि लोगों की उम्मीदों का मंच है। और यही बात राहुल गांधी ने आज हर नेता के मन में बिठा दी है।
