,

भोपाल के 3 वार्डों में विकास कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

Author Picture
Published On: 17 July 2025

भोपाल | पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा है कि शासकीय धन का उपयोग सोच-समझकर और योजनाबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाएं केवल कागजों में नहीं, ज़मीन पर दिखनी चाहिएं, ताकि आम लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके। मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री गौर ने राजधानी के वार्ड क्रमांक 52, 53 और 54 में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं और जो ठेकेदार लापरवाही बरतें, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए।

नेटवर्क पर विशेष ध्यान

वार्ड 52 की कम्फर्ट पाम कॉलोनी, रोहित नगर फेज 2 और आकृति नींव कॉलोनी में सीवेज लाइन और ट्रंकलाइन के कार्यों की धीमी गति पर मंत्री ने नाराजगी जताई और कार्यों में तेजी लाने को कहा। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत काम मानसून के बाद शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही, नारायण नगर कॉलोनी के बंद पड़े सम्पवेल को दोबारा चालू करने और आंतरिक पेयजल पाइपलाइन को अमृत योजना की डीपीआर में शामिल कराने के निर्देश दिए।

सीवेज, पेयजल और पार्क विकास पर फोकस

वार्ड 53 की अंजलि विहार, प्रोसपेरा कॉलोनी, रामेश्वरम डीलक्स, यशोदा गार्डन, पार्थ सारथी कॉलोनी, गुलाबी नगर और जाटखेड़ी गांव में सीवेज कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा गया। बल्क कनेक्शन वाली कॉलोनियों में जल आपूर्ति 60 हजार लीटर तक बढ़ाने, पार्कों के विकास, नालों के सीमांकन और चैनलाइजेशन के लिए कार्ययोजना बनाने को भी कहा गया।

वार्ड 54 के कुंजन नगर, अग्रवाल नगर, बागसेवनिया बस्ती और अमराई क्षेत्र में बारिश से पहले सीवेज लाइन की मरम्मत और नई लाइन डालने के निर्देश दिए गए। सुरेंद्र गार्डन क्षेत्र में नाले की सफाई, बाउंड्रीवाल निर्माण और अतिक्रमण हटाकर फेंसिंग का कार्य जल्द कराने को कहा गया।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp