, ,

ओंकारेश्वर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा, बोले- “बिहार के नतीजों से जनता नाराज, 10 हजार देकर वोट खरीदे गए”

Author Picture
Published On: 17 November 2025

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा सोमवार को ओंकारेश्वर पहुंचे। मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की और बिहार चुनाव को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोला। वाड्रा का कहना है कि बिहार के नतीजों से जनता खुश नहीं है, क्योंकि लोगों के वोट 10-10 हजार रुपए देकर खरीदे गए। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतों को पहले ही रोक देना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

वाड्रा ने दावा किया कि बिहार की जनता इस परिणाम को ईमानदार नहीं मान रही है। उनके मुताबिक, अगर चुनाव कभी दोबारा हों और वो भी बैलेट पेपर से, तो नतीजे पूरी तरह बदल जाएंगे। उन्होंने कहा कि तब तस्वीर साफ होगी और महागठबंधन की एकतरफा सरकार बनेगी।

ओंकारेश्वर पहुंचे राबर्ट वाड्रा

वाड्रा ने ये भी कहा कि लोग लगातार अपनी बात उठा रहे हैं और कांग्रेस उनकी आवाज बुलंद कर रही है। उन्होंने बताया कि लोगों की मांग पर ही राहुल गांधी बिहार जा रहे हैं ताकि वे सीधे लोगों से मिलकर उनकी परेशानियां जान सकें। वाड्रा का कहना है कि जनता अभी भी भरोसे के साथ महागठबंधन के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भविष्यवाणी पर बोलते हुए वाड्रा ने साफ कहा कि महागठबंधन में किसी तरह की फूट की गुंजाइश ही नहीं है। उनका कहना है कि सब एकजुट हैं, और हार से सीख लेकर आगे बढ़ रहे हैं। वाड्रा ने कहा कि हम गलत के खिलाफ लड़ रहे हैं, और हमारी कोशिश यही है कि लोगों की आवाज को और मजबूत किया जाए।

जनता की समस्या

उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी लगातार लोगों के बीच जा रहे हैं और जनता की समस्याओं को सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वक्त सबसे जरूरी है जनता के साथ खड़ा होना, क्योंकि यही लोकतंत्र की असली ताकत है। ओंकारेश्वर में दर्शन के दौरान वाड्रा का मूड काफी शांत दिखा, लेकिन राजनीति की बात आते ही उन्होंने खुलकर अपनी बातें कहीं। उनके बयान ने एक बार फिर बिहार चुनाव पर सवालों की गर्मी बढ़ा दी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp