सतना | योग को खेल और जीवनशैली के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में सतना योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. हर्षवर्धन श्रीवास्तव और अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिवारी के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। इसमें मांग की गई है कि जैसे विश्व योग दिवस को शासन-प्रशासन ने बड़े स्तर पर उत्साह के साथ मनाया, वैसे ही आगे भी योग शिक्षा और योग प्रशिक्षकों को अवसर देकर उनके मनोबल को बढ़ाया जाए।
योग शिक्षकों को अवसर देने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में विद्यालयों और महाविद्यालयों में योग का पाठ्यक्रम तो शामिल है, लेकिन वहां खेल शिक्षकों को ही योग पढ़ाने की जिम्मेदारी दी जाती है। इससे योग में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारी प्रशिक्षित शिक्षक बेरोजगार रह जाते हैं। एसोसिएशन का कहना है कि यदि योग्य योग शिक्षकों को नियुक्त किया जाए, तो इससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और प्रशिक्षित शिक्षकों को उचित पारिश्रमिक प्राप्त होगा।
सतना में योग की सक्रियता
एसोसिएशन ने बताया कि वह लंबे समय से जिले में योग का प्रचार-प्रसार कर रहा है। हर वर्ष ब्लॉक और ग्राम स्तर पर योग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इसी क्रम में इस वर्ष 5 अगस्त को एकेएस विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एसोसिएशन का कहना है कि वह छात्रों को कौशल के आधार पर खेलो इंडिया जैसे राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
योग्य शिक्षकों का भंडार
संरक्षक डॉ. हर्षवर्धन ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि सतना योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पास पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित और अनुभवी योग शिक्षक उपलब्ध हैं। संस्था की मंशा है कि जिले के प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय में, जहां योग शिक्षकों की आवश्यकता है, वहां प्रशासन की मदद से शिक्षक उपलब्ध कराए जा सकें।
शासन-प्रशासन से सहयोग की अपील
एसोसिएशन के सह-सचिव एवं मध्यप्रदेश योग आयोग के सदस्य प्रशांत कुमार गौतम ने बताया कि यह समय योग ज्ञान यज्ञ को व्यापक रूप देने का है। उन्होंने कहा कि जैसे विश्व योग दिवस महोत्सव में शासन और प्रशासन का सहयोग मिलता है, उसी तरह आगे भी वर्षभर योग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग की आवश्यकता है।
