उमरिया जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) काम को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बांधवगढ़ क्षेत्र में लगातार धीमी प्रगति देख कर एसडीएम ने पांच बीएलओ और सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस थमा दिया है। नोटिस रविवार को जारी हुआ और इसमें साफ कहा गया है कि जिम्मेदार अधिकारी न तो फोन उठा रहे हैं और न ही फील्ड में जाकर अपडेट का काम कर रहे हैं।
दरअसल, कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बीएलओ अपनी ड्यूटी में गंभीरता नहीं दिखा रहे। जब प्रशासन के अधिकारी फोन करते थे तो ये लोग कॉल ही रिसीव नहीं करते थे। इसके साथ ही गणना पत्रक को ऑनलाइन अपडेट करने में भी लापरवाही बरती जा रही थी। SIR जैसे महत्वपूर्ण काम में ऐसी सुस्ती देखकर एसडीएम ने सख्त रुख अपनाया।
नोटिस जारी
- गुलपत सिंह तेकाम, प्राचार्य, शासकीय हाई स्कूल कछरवार
- राकेश प्रसाद निगम, एपीसी, जिला शिक्षा केंद्र
- एस. के. श्याम, प्राचार्य, शासकीय उमावि निगहरी
- विनोद सिंह, आयुष विभाग
- पंकज कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापक, शासकीय उमावि कौडिया
चुनावी तैयारियों पर असर
नोटिस में लिखा है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में इन अधिकारियों की प्रगति बेहद कमजोर है। प्रशासन की ओर से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल उठाने तक की जहमत नहीं उठाई गई। एसडीएम ने यह भी कहा कि समय पर अपडेट न होने से चुनावी तैयारियों पर असर पड़ रहा है, जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अब जवाब देना होगा कि आखिर काम में देरी क्यों हुई और वे फोन पर उपलब्ध क्यों नहीं थे। साथ ही, यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि जवाब संतोषजनक न हुआ तो उनके खिलाफ सिविल सेवा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई होगी, जिसमें अनुशासनात्मक कार्रवाई से लेकर जिम्मेदारी तय करने तक सब शामिल हो सकता है।
प्रशासन अब लगातार बीएलओ के फील्ड वर्क की मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि आगे किसी भी तरह की लापरवाही न हो। जिले में SIR का काम तेजी से पूरा करना फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
