, , ,

भोपाल में 27 जनवरी से खेलो एमपी यूथ गेम्स का राज्य स्तरीय आगाज, भव्य उद्घाटन समारोह की तैयारी

Author Picture
Published On: 22 January 2026

भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में 27 जनवरी 2026 की शाम 6:30 बजे खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रेस से चर्चा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

मंत्री सारंग के अनुसार, प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर की खेल प्रतियोगिताएं पहले ही सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं। जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं वर्तमान में प्रगति पर हैं, जिन्हें 25 जनवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तरीय मुकाबलों की शुरुआत होगी, जिसमें प्रदेश के 10 संभागों की टीमें भाग लेंगी।

उद्घाटन समारोह

उद्घाटन समारोह को पूरी तरह खेलों की भावना और युवा ऊर्जा की थीम पर आधारित रखा गया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की विशेष प्रस्तुति होगी, जबकि इंडियाज़ गॉट टैलेंट से जुड़े डांस ट्रूप द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा खेलों के इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका और भव्य आतिशबाजी समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।

खेलो एमपी यूथ गेम्स में खिलाड़ियों का चयन ऑनलाइन पंजीयन और डिजिटल डैशबोर्ड आधारित प्रणाली के माध्यम से किया गया है। इस प्रणाली से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और निगरानी योग्य बनी है। अब तक एक लाख से अधिक युवा खिलाड़ियों ने इसमें पंजीयन कराया है। खेलवार भागीदारी, परिणाम और प्रगति की जानकारी रीयल-टाइम डैशबोर्ड पर उपलब्ध है।

प्रदेश के विभिन्न शहरों में होंगे मुकाबले

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, सागर और नर्मदापुरम में आयोजित की जाएंगी। भोपाल में एथलेटिक्स, शूटिंग, तैराकी, कबड्डी, हॉकी, क्रिकेट और वॉलीबॉल जैसे खेल होंगे। इंदौर में बास्केटबॉल और वेटलिफ्टिंग, उज्जैन में कुश्ती और योगासन, ग्वालियर में बैडमिंटन और महिला हॉकी, जबलपुर में खो-खो और आर्चरी तथा रीवा में फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

इस बार खेलो एमपी यूथ गेम्स में पिट्टू, रस्साकशी और थ्रोबॉल जैसे पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। मंत्री सारंग ने कहा कि इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोकप्रिय खेलों को मंच देना और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।

दिलाएगा नई पहचान

मंत्री ने विश्वास जताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स मध्यप्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा और राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp