सतना जिले (Satna District) में मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चला रही है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके। इसी कड़ी में गुरुवार को शहर के प्रमुख इलाकों में दूध विक्रेताओं और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
दूध विक्रेताओं से लिए गए नमूने
अभियान की शुरुआत सिटी कोतवाली के पीछे की गई, जहां फेरी लगाकर दूध बेचने वाले विक्रेताओं से दूध के नमूने एकत्र किए गए। इसके बाद टीम कोठी तिराहे पहुंची, जहां स्थायी दूध विक्रेताओं की जांच की गई। यहां आकाश कुमार गौतम, पप्पू पाल और लवकुश पाल से दूध के सैंपल लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोमोज सेंटर की जांच
इसके बाद टीम ने पन्ना रोड पर स्थित ‘पॉपुलर मोमोज’ प्रतिष्ठान की जांच की। निरीक्षण के दौरान यहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठान में मांस खुले में रखा पाया गया और उसके तापमान नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे स्वास्थ्य जोखिम बढ़ने की आशंका जताई गई। किचन में भी भारी गंदगी मिली, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मोमोज सेंटर से पनीर और कढ़ाई में उपयोग किए जा रहे खाद्य तेल के नमूने भी लिए हैं। प्रतिष्ठान में गंभीर खामियां पाए जाने के कारण संचालक को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इससे पहले राजेंद्र नगर स्थित एमवे प्रतिष्ठान की जांच की थी, जहां से न्यूट्रलाइट पाउडर और न्यूट्रलाइट कैंडी के नमूने लिए गए। वहीं सिविल लाइन चौराहा स्थित परिहार केक शॉप से चॉकलेट केक, पाइनएप्पल केक और बटर स्कॉच केक के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच टीम का संदेश
इस पूरे अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह, अशोक कुर्मी और सीमा सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में मिलावटखोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
