,

सतना में त्योहारों से पहले बाजारों की सख्ती से निगरानी, थाना प्रभारी ने किया पैदल मार्च

Author Picture
Published On: 6 August 2025

सतना | आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से सतना पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी टीआई रावेंद्र द्विवेदी ने बुधवार को थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च किया। बाजार में गश्त के दौरान उन्होंने दुकानदारों और फुटपाथ विक्रेताओं को साफ-साफ निर्देश दिए कि कोई भी अपने सामान को सड़क तक न फैलाए और दुकानों के सामने वाहन भी सही तरीके से खड़े किए जाएं, जिससे यातायात में अवरोध न हो।

टीआई ने दी चेतावनी

टीआई द्विवेदी ने चेतावनी दी कि जो दुकानदार और ठेलेवाले तय नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है और ऐसे में सड़कों का अतिक्रमण ट्रैफिक को पूरी तरह ठप कर देता है। इस कारण न सिर्फ आम जनता को परेशानी होती है, बल्कि आपातकालीन स्थितियों में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।

चिंताजनक स्थिति

पैदल मार्च के दौरान एक दिलचस्प और चिंताजनक स्थिति यह भी देखी गई कि कोतवाली चौक जैसे व्यस्त इलाकों में दोपहर के समय भारी जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इन इलाकों में स्थापित बड़ी दुकानों पर कार्रवाई होते कम ही नजर आती है। इसके उलट फुटपाथ पर सीजनल कारोबार करने वाले गरीब दुकानदारों पर ज्यादा नजर रखी जाती है, जबकि कई ऐसे विक्रेता नगर निगम की अनुमति और पुलिस टैक्स अदा करने के बाद अस्थायी दुकानें लगाते हैं।

स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुधारना जरूरी है, लेकिन कार्रवाई में पारदर्शिता और निष्पक्षता भी उतनी ही आवश्यक है। सिर्फ गरीब दुकानदारों को हटाकर या चालान काटकर व्यवस्था नहीं सुधारी जा सकती, एक दुकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर कहा।

पुलिस सतर्क

टीआई रावेंद्र द्विवेदी ने बताया कि आगामी रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश उत्सव जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सहयोग करें और त्योहारों को शांति एवं सुरक्षा के साथ मनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp