,

दुबई यात्रा का तीसरा दिन आज, CM यादव ने की डीपी वर्ल्ड और जाफजा अधिकारियों संग बैठक

Author Picture
Published On: 15 July 2025

भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई यात्रा के तीसरे दिन “भारत मार्ट” को वैश्विक व्यापार का प्रवेशद्वार बताते हुए कहा कि यह परियोजना भारतीय एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) उत्पादों को वैश्विक मंच देने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। उन्होंने जेबेल अली फ्री ज़ोन (JAFZA) और डीपी वर्ल्ड के अधिकारियों से विस्तृत बैठक कर भारत मार्ट के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स से जुड़ी संभावनाओं पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत मार्ट 2026 तक कार्यशील हो जाएगा और यह ‘लोकल से ग्लोबल’ के विज़न को वास्तविकता में बदलने वाला एक प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे भारत और यूएई के व्यापारिक संबंधों का प्रतीक बताया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर का व्यापार केंद्र

भारत मार्ट, जेबेल अली फ्री ज़ोन (JAFZA), दुबई में 2.7 मिलियन वर्ग फीट में विकसित किया जा रहा है। इसकी नींव फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने संयुक्त रूप से रखी थी। इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार केंद्र में 1500 से अधिक शोरूम, अत्याधुनिक गोदाम और कार्यालय परिसर होंगे। डीपी वर्ल्ड इस परियोजना का संचालन कर रही है।

MP को मिलेगी निर्बाध लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी

बैठक में मध्यप्रदेश को भारत मार्ट से जोड़ने वाली लॉजिस्टिक्स कड़ी पर विशेष ध्यान दिया गया। उज्जैन–नागदा रूट और प्रस्तावित रेल टर्मिनल को दुबई से माल आपूर्ति की नई रीढ़ के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से राज्य के निर्यातकों को विश्व बाजार तक सीधी, तेज़ और किफायती पहुँच मिलेगी। डॉ. यादव ने कहा, “हमारी सरकार इस यात्रा को सिर्फ व्यापारिक अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश के आर्थिक भविष्य की नींव मान रही है। भारत मार्ट के माध्यम से मध्यप्रदेश वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

डीपी वर्ल्ड की लॉजिस्टिक्स निवेश में रुचि

डीपी वर्ल्ड, जो 78 देशों में 100 से अधिक टर्मिनलों का संचालन करती है, भारत में मुंबई, चेन्नई, कोचीन, मुंद्रा और विशाखापत्तनम जैसे प्रमुख बंदरगाहों पर सक्रिय है। कंपनी ने मध्यप्रदेश में इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD), मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (MMLP), कृषि-लॉजिस्टिक्स हब और ड्राय पोर्ट्स के विकास में गहरी रुचि दिखाई है। यह प्रयास राज्य की लॉजिस्टिक्स और निर्यात नीति को मजबूती देंगे।

भारत मार्ट में देश के विशेषकर कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और हस्तशिल्प क्षेत्र के उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी। यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंच एमएसएमई क्षेत्र के लिए न केवल निर्यात का रास्ता खोलेगा, बल्कि उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए भी सशक्त करेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp