,

चौक बाजार से देंगे जीएसटी और स्वदेशी का संदेश, CM यादव सोमवार को करेंगे व्यापारियों से संवाद

Author Picture
Published On: 21 September 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को राजधानी के ऐतिहासिक चौक बाजार पहुंचेंगे। यहां वे ‘नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी प्रचार अभियान’ की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:30 बजे भवानी मंदिर, सोमवारा चौक से होगा, जहां मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर वे शारदीय नवरात्र की घट स्थापना के अवसर पर कर्फ़्यू वाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद भी लेंगे।

पैदल भ्रमण

मुख्यमंत्री इसके बाद चौक बाजार में पैदल भ्रमण करेंगे। पुलिस चौकी से लेकर दीपाली साड़ी प्रतिष्ठान तक निकलने वाले इस दौरे में वे ग्राहकों और व्यापारियों से सीधे संवाद करेंगे। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री व्यापारियों को जीएसटी रेजोल्यूशन की प्रतियां वितरित करेंगे और जीएसटी से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान देंगे। वे व्यापारियों को यह भी बताएंगे कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में की गई दरों में कटौती से खरीदार और विक्रेता दोनों को कैसे फायदा होगा।

सरकार की योजना है कि कर प्रणाली को और सरल बनाकर व्यापार को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री इसी उद्देश्य से व्यापारियों को जागरूक करेंगे और जीएसटी को लेकर सकारात्मक संवाद स्थापित करेंगे।

खादी परिधानों की खरीददारी

अपने भ्रमण के दौरान डॉ. यादव स्वदेशी हैंडलूम और खादी परिधानों की खरीददारी भी करेंगे। इस पहल के माध्यम से वे स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने का संदेश देंगे। साथ ही वे व्यापारियों और ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट प्रणाली अपनाने की अपील करेंगे। विभिन्न भुगतान माध्यमों की जानकारी देकर वे आमजन को नकदी के बजाय आधुनिक और पारदर्शी लेनदेन की ओर प्रेरित करेंगे।

जीएसटी की नई दर

कार्यक्रम का अगला चरण अपराह्न 3 बजे श्री मोतीलाल मन्नूलाल धर्मशाला में होगा। यहां मुख्यमंत्री करीब 300 प्रतिनिधियों से रूबरू होंगे। इनमें व्यापारिक, वाणिज्यिक और सामाजिक संगठन शामिल रहेंगे। संवाद के दौरान वे विस्तार से बताएंगे कि जीएसटी की नई दरों से किस तरह कारोबारियों का बोझ कम होगा और उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।

चौक बाजार में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल व्यापारियों और ग्राहकों के लिए जानकारी का अवसर होगा, बल्कि स्वदेशी और डिजिटल भारत की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री का यह संवाद अभियान प्रदेश में जीएसटी जागरूकता और स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp