ग्वालियर की पड़ाव थाना पुलिस ने गुरुवार रात करीब 11:30 बजे बड़ी कार्रवाई करते हुए साइकिल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फूल बाग चौराहे के पास स्थित गोपाल चल पर्वत के नीचे दो युवक चोरी की साइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी की साइकिलों की जानकारी सामने आई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह शहर के कोचिंग सेंटरों के बाहर खड़ी महंगी और ब्रांडेड साइकिलों को निशाना बनाता था। आरोपी पलक झपकते ही साइकिल लेकर फरार हो जाते थे। बाद में इन्हें 2 से 5 हजार रुपए में बेच दिया जाता था। खास बात यह है कि चोरी की गई साइकिलों की वास्तविक कीमत 10 से 14 हजार रुपए के बीच बताई जा रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गिरोह कितने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दे रहा था।
ग्वालियर में साइकिल चोर गिरोह
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय प्रिंस सविता निवासी सिकंदर कंपू और 20 वर्षीय कुलदीप यादव निवासी सिकंदर कंपू के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कोचिंग सेंटरों के बाहर से साइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी कुलदीप यादव के घर से छह ब्रांडेड साइकिलें बरामद की हैं। बरामद साइकिलों की कुल कीमत 60 हजार रुपए से अधिक आंकी गई है।
अन्य वारदातों का खुलासा
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के मुताबिक, पिछले कुछ समय से कोचिंग सेंटरों के बाहर साइकिल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस लगातार चोरों की तलाश में जुटी थी और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर छह साइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में शहर की अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और मजबूत ताले का उपयोग करें। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
