,

इंदौर के तिलक नगर में 19 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

Author Picture
Published On: 26 February 2026

इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में बुधवार शाम एक 19 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय सामने आई जब परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा। आनन-फानन में परिवार ने पुलिस को सूचना दी। तिलक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतका प्रथा, परीक्षित बढ़िका की पुत्री थी और सांईनाथ कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी। बुधवार शाम वह घर पर ही मौजूद थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना के समय परिवार के सदस्य भी घर में ही थे, लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी। जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो छात्रा फंदे पर लटकी मिली।

इंदौर

प्रथा मेडीकैप्स कॉलेज में बीएससी सेकंड ईयर की छात्रा थी। कॉलेज सूत्रों के मुताबिक वह नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहती थी और पढ़ाई में भी सक्रिय थी। सहपाठियों को इस घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज परिसर में भी शोक का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

पिता चलाते हैं एमपी ऑनलाइन की दुकान

पुलिस ने बताया कि प्रथा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता एमपी ऑनलाइन की दुकान संचालित करते हैं। शुरुआती पूछताछ में परिवार ने किसी तरह के विवाद, तनाव या अन्य कारणों की जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

मर्ग कायम

गुरुवार सुबह छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मानसिक तनाव या अन्य संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिवार के विस्तृत बयान लिए जाने बाकी हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp