इंदौर के चंदन नगर इलाके में गुरुवार देर रात एक 30 वर्षीय फल विक्रेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिजनों को रात करीब 3 बजे लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दिनेश पुत्र मोतीलाल निवासी तापती परिसर के रूप में हुई है। वह घर में अकेला रहता था और शहर में नारियल पानी बेचकर गुजारा करता था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले दो वर्षों से मायके में रह रही थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को भी फोन पर दोनों के बीच बातचीत हुई थी।
इंदौर में फल विक्रेता ने लगाई फांसी
जानकारी के मुताबिक दिनेश के दो छोटे बच्चे—एक बेटा और एक बेटी—मूसाखेड़ी क्षेत्र में अपने नाना-नानी के साथ रह रहे हैं। मृतक के अन्य परिजन आसपास ही रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया।
परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि दिनेश की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था, जिसके चलते वह घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों का यह भी कहना है कि पत्नी उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। बताया गया है कि पोस्टमार्टम के दौरान ससुराल पक्ष का कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी।
