,

आधी रात ‘पटाखे जैसी’ आवाज निकालने वाले बुलेट सवार पर कार्रवाई, इंदौर पुलिस ने 12 घंटे में काटा चालान

Author Picture
Published On: 14 February 2026

इंदौर में तेज और कर्कश आवाज निकालते हुए बाइक चलाने वाले एक बुलेट सवार के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पांच माह के बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक को 12 घंटे के भीतर पकड़कर उसका चालान बनाया और कड़ी समझाइश दी। कार्रवाई 13 फरवरी को की गई।

राज नगर निवासी एडवोकेट शुभम शर्मा ने बताया कि उनकी कॉलोनी की सड़क से रोज रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच एक बुलेट सवार तेज रफ्तार में गुजरता था। बाइक से पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती थी, जिससे उनका पांच माह का बच्चा डरकर कांपने लगता और जोर-जोर से रोने लगता था। इस वजह से परिवार के साथ-साथ आसपास के रहवासी भी परेशान थे।

इंदौर पुलिस ने 12 घंटे में काटा चालान

परिजनों ने कई दिनों तक बुलेट सवार की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन वह तेज रफ्तार से निकल जाता था। आखिरकार 12 फरवरी को एडवोकेट शर्मा ने चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले को लिखित शिकायत दी। उन्होंने बाइक चालक की फोटो और वीडियो भी व्हाट्सएप के जरिए पुलिस को भेजे।

एसीपी अमित सिंह और टीआई तिलक करोले के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अगले ही दिन बुलेट (एमपी-09 AX-8887) के चालक को पकड़ लिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में उसका 1 हजार रुपये का चालान किया गया। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की चेतावनी दी गई।

ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तेज आवाज से न केवल छोटे बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती है, बल्कि यह कानूनन भी गलत है। जरूरत पड़ने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी के रहवासियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp