होली और रंगपंचमी के त्योहार को देखते हुए नगर निगम ने शहर में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रंगपंचमी पर निकलने वाली पारंपरिक गेर को ध्यान में रखते हुए जर्जर मकानों की पहचान और बिजली के अव्यवस्थित तारों को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने संबंधित विभागों को स्पष्ट कहा है कि भीड़भाड़ वाले मार्गों पर किसी भी तरह का जोखिम नहीं रहना चाहिए। प्रशासन का प्रयास है कि गेर देखने के लिए लोग किसी जर्जर भवन पर न चढ़ें या उसके आसपास एकत्र न हों।
निर्देशों के अनुसार सभी जोन के बिल्डिंग अधिकारी, जोनल अधिकारी और भवन निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे करेंगे। जहां भी जर्जर इमारतें पाई जाएंगी, उनकी सूची तैयार की जाएगी। ऐसे भवनों पर स्पष्ट रूप से चेतावनी बोर्ड और फ्लेक्स लगाए जाएंगे, ताकि आमजन को पहले से जानकारी मिल सके। आवश्यकता पड़ने पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी। विशेष रूप से उन मार्गों पर फोकस रहेगा, जहां होली और रंगपंचमी के दौरान जुलूस, गेर और अन्य पारंपरिक आयोजन होते हैं।
होली-रंगपंचमी से पहले नगर निगम अलर्ट
निगमायुक्त ने विद्युत विभाग को मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के साथ समन्वय बनाकर शहर में अव्यवस्थित केबल, तारों के गुच्छे और नीचे लटके बिजली के तारों का निरीक्षण करने को कहा है। जिन स्थानों पर तारों के कारण मार्ग अवरुद्ध हो रहा है या दुर्घटना की आशंका है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। तारों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान आवागमन में कोई बाधा न आए।
अन्य विभागों को भी दिए गए निर्देश
सिर्फ भवन और बिजली ही नहीं, बल्कि जनकार्य (वर्कशॉप), जल प्रदाय, रिमूवल शाखा सहित सभी जोन कार्यालयों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों की मरम्मत, गड्ढों का समतलीकरण, जल आपूर्ति की निरंतरता, कचरा संग्रहण और त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। साथ ही आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सुरक्षित बनाने की तैयारी
नगर निगम का उद्देश्य है कि होली और रंगपंचमी का त्योहार शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे फील्ड में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई करें।
