,

इंदौर में रातभर चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन, 162 वारंट तामील; 360 वाहन चालकों पर कार्रवाई

Author Picture
Published On: 14 February 2026

इंदौर पुलिस ने शुक्रवार रात शहर में व्यापक सर्च और चेकिंग अभियान चलाया। जोन 1, 2 और 3 के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के हॉट स्पॉट तथा शैडो एरिया को चिन्हित कर विशेष घेराबंदी की गई। पुलिस बल ने गुंडों, बदमाशों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई स्थानों पर अचानक चेकिंग की।

अभियान के दौरान शहर के प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली गई। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

इंदौर में 162 से अधिक वारंट तामील

कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 162 से अधिक वारंट तामील किए गए। इनमें लंबे समय से फरार 12 स्थायी वारंट, 45 गिरफ्तारी वारंट, 104 जमानती वारंट और 1 समन शामिल है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष रूप से चलाया गया।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा

सर्च ऑपरेशन के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। शराब पीकर वाहन चलाने और लापरवाही बरतने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कुल 360 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसमें मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट, बिना नंबर की गाड़ियां और ब्लैक फिल्म लगी कारों के खिलाफ चालान बनाए गए। कई मोटरसाइकिलों को जब्त भी किया गया।

मकानों की जांच के दौरान दो मकान मालिकों पर किरायेदारों की जानकारी पुलिस को न देने के आरोप में कार्रवाई की गई। वहीं अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वालों के खिलाफ 5 प्रकरण दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब बेचने और पीने वालों के खिलाफ 18 मामले दर्ज किए गए।

अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उद्देश्य साफ है—अपराधियों पर अंकुश और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp