इंदौर | MP के इंदौर का अत्याधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल अब दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को इंदौर नगर निगम द्वारा संचालित वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का दौरा किया। प्लांट की कार्यप्रणाली और तकनीक को देखकर वे बेहद प्रभावित हुए और इसे देशभर में सबसे उत्कृष्ट मॉडल बताया। देवनानी ने कहा कि इंदौर नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा कचरा निस्तारण, रिसाइकलिंग और सफाई व्यवस्था को जिस वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार से बात कर वे इस मॉडल को अजमेर नगर निगम सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में लागू करवाने का प्रयास करेंगे।
“इंदौर मॉडल बना प्रेरणा स्रोत”
विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत इंदौर का मॉडल साफ-सुथरे, पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर शहर के रूप में उभरने का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन से न सिर्फ शहर साफ रहते हैं, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। देवनानी ने बताया कि राजस्थान के कई नगर निकायों में कचरे का ढेर और अव्यवस्थित निस्तारण एक बड़ी चुनौती है।
इंदौर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल बेस्ट
विधान सभा अध्यक्ष अजमेर नगर निगम सहित राज्य के विभिन्न शहरों में अत्याधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट मॉडल लगाने के लिए सरकार से चर्चा करेंगे- श्री वासुदेव देवनानीhttps://t.co/7biW82R0xE pic.twitter.com/REKhAAfQFX
— सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान सरकार (@DIPRRajasthan) July 15, 2025
इंदौर मॉडल को अपनाकर हम न सिर्फ समस्या का समाधान कर सकते हैं, बल्कि स्थायी और स्वच्छ शहरों का निर्माण भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वे इस मुद्दे को लेकर जल्द ही राज्य सरकार से चर्चा करेंगे।
“कचरा प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती”
अपने दौरे के दौरान देवनानी ने कहा कि कचरा निस्तारण आज के समय की सबसे गंभीर और वैश्विक समस्या बन चुकी है। विशेषकर प्लास्टिक कचरा वायु, जल और मिट्टी तीनों को नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में हमें आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जनभागीदारी से समाधान निकालना होगा। उन्होंने इंदौर नगर निगम की तारीफ करते हुए कहा कि इस शहर ने दिखा दिया है कि सही नीयत और बेहतर प्रबंधन से कोई भी चुनौती आसान की जा सकती है।
महाकाल और ओंकारेश्वर पहुंचे देवनानी
MP प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को महाकाल की नगरी उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग भी पहुंचे और मां नर्मदा के तट पर पूजन-अभिषेक किया। देवनानी ने कहा कि शिव ही शाश्वत ऊर्जा के प्रतीक हैं और उनके आशीर्वाद से समाज में सद्भाव, समृद्धि और सशक्त विकास संभव है।
