,

MP में भव्य अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियां पूरी, 1 दिसंबर को होगा शुभारंभ

Author Picture
Published On: 1 December 2025

गीता जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश इस बार बड़े स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 1 दिसंबर को महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। राज्यभर के 313 विकासखंडों, 55 जिलों और 10 संभागों में एक साथ 3 लाख से अधिक भक्तों द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर सामूहिक पाठ किया जाएगा।

पहला गीता भवन होगा लोकार्पित

महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में इंदौर का गीता भवन शामिल है, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मिलकर करेंगे। गोपाल मंदिर परिसर में तैयार किया गया यह भवन मध्य प्रदेश का पहला गीता भवन होगा। इस अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता-2025 के विजेताओं की घोषणा भी की जाएगी। प्रतियोगिता 16 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में आयोजित की गई थी।

वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस वर्ष गीता जयंती को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाने की तैयारी कई महीनों से चल रही है। उन्होंने कहा कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती है। समाज में अनुशासन, कर्तव्यबोध, सकारात्मकता और ज्ञान का प्रसार इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है। तिवारी ने कहा कि गीता महोत्सव युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

विजेताओं की घोषणा

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे। विजेताओं को पुरस्कार 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में दिए जाएंगे। कार्यक्रम में संजीव मालवीय द्वारा निर्देशित नृत्य नाटिका ‘कृष्णायन’ भी प्रस्तुत की जाएगी, जो भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों पर आधारित होगी।

इंदौर में भक्त करेंगे सामूहिक गीता पाठ

इंदौर के बास्केटबॉल क्लब में गीता महोत्सव के तहत सुबह 10 बजे 5100 गीतानुरागी एक साथ सामूहिक गीता पाठ करेंगे। शाम को गोपाल मंदिर राजवाड़ा स्थित गीता भवन का लोकार्पण किया जाएगा, जिसे इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकसित किया गया है।

गीता भवन में लाइब्रेरी

नए गीता भवन में 550 सीट क्षमता वाला आधुनिक सभागार बनाया गया है। इसके साथ ही यहां 100 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाली विशेष लाइब्रेरी भी तैयार की गई है, जिसमें केवल श्रीकृष्ण और भगवद्गीता से संबंधित साहित्य उपलब्ध रहेगा। गीता जयंती पर यहां स्कूली छात्र गीता पाठ करेंगे और श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन भी होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp