इंदौर से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए शुरू की गई PM श्री हेलिकॉप्टर सेवा को लेकर नई जानकारियाँ सामने आई हैं। पता चला है कि इस सेवा में जिस हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल हो रहा है, वह अमेरिका से खरीदा गया सेकेंड-हैंड सिंगल इंजन विमान है। सूत्रों का कहना है कि यह हेलिकॉप्टर पहले एक निजी कंपनी ने करीब 17 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाद में ट्रांसभारत एविएशन ने इसे करीब 14 करोड़ रुपए में खरीदा और अब इसी विमान का उपयोग PM श्री सेवा में किया जा रहा है।
कंपनी से जुड़े लोगों के अनुसार, हेलिकॉप्टर को उड़ाने में एक घंटे का खर्च करीब 1 लाख रुपए बैठता है। इसके साथ ही, विमान की सीटिंग क्षमता सिर्फ 6 यात्रियों की है। यही कारण है कि पूरी सीटें भरने के बाद भी संचालन आर्थिक रूप से आसान नहीं है।
किराया फिलहाल कम
ट्रांसभारत एविएशन के वाइस प्रेसिडेंट कैप्टन एस. भट्टाचार्य ने बताया कि: शुरुआत में यात्रियों को जोड़ने के लिए टिकट दरें कम रखी गई हैं। सेवा को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार से सब्सिडी मांगी गई है। हेलिकॉप्टर में किराया वजन के आधार पर तय किया जाता है, क्योंकि विमान की क्षमता सीमित है। हेलिकॉप्टर की कुल वजन सीमा 2281 किलो है। इसी वजह से बुकिंग के समय यात्री को सही वजन बताना अनिवार्य है। यात्रियों की संख्या उनकी कुल वजन क्षमता के अनुसार तय की जाती है। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त ईंधन साथ रखा जाता है, जिससे वजन प्रबंधन और जरूरी हो जाता है।
मेंटेनेंस महंगा
इस हेलिकॉप्टर की देखरेख पर भारी खर्च आता है। कई तकनीकी पार्ट्स सीधे विदेश से आयात करने पड़ते हैं। इसके अलावा पायलट, इंजीनियरिंग स्टाफ, फ्यूल और सर्विसिंग जैसे खर्च भी लागत बढ़ाते हैं, इसलिए कंपनी का कहना है कि मौजूदा किराया “संतुलित” रखा गया है। 80 किलो से ज्यादा वजन पर अतिरिक्त शुल्क
अलग नियम लागू
- 80 किलो से ऊपर वजन होने पर 150 रुपए प्रति किलो अतिरिक्त शुल्क।
- 100 किलो से ज्यादा वजन वाले यात्री को दो टिकट खरीदने होंगे।
- जरूरत पड़ने पर छह में से कम यात्री भी लिए जाएंगे।
- ओंकारेश्वर में मिलेगा VIP दर्शन
- लगभग डेढ़ घंटे का दर्शन समय मिलेगा।
- VIP दर्शन और त्वरित दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
- सुरक्षा के लिए बोर्डिंग पास और जांच अनिवार्य की गई है।
