,

इंदौर में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन, देशभक्ति के गूंजे नारे

Author Picture
Published On: 11 August 2025

इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और स्वच्छता का अनोखा संगम देखने को मिला, जब पुलिस विभाग ने “हर घर तिरंगा–हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया। इस विशेष पहल में 500 से अधिक पुलिसकर्मी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

रैली का आगाज पुलिस कमिश्नर कार्यालय पलासिया से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सेल्फी पॉइंट का फीता काटा और तिरंगा लहराकर रैली को हरी झंडी दी। जैसे ही सैकड़ों बाइकें एक साथ रवाना हुईं, पूरे रास्ते में देशभक्ति के नारे गूंज उठे। यह जोशीली यात्रा इंद्रप्रस्थ चौराहा, रीगल चौराहा से होकर ऐतिहासिक राजवाड़ा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

दिया ये संदेश

रैली में शामिल सभी पुलिसकर्मियों ने अपनी-अपनी बाइक पर तिरंगा सजाया हुआ था। रास्ते में वे नागरिकों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने का आह्वान करते रहे और लोगों को प्रेरित किया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान के साथ फहराएं। साथ ही, “हर घर स्वच्छता” संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि साफ-सफाई को आदत बनाएं और राष्ट्रीय पर्व को स्वच्छ एवं सुसंस्कृत माहौल में मनाएं।

ये लोग हुए शामिल

इस अवसर पर डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी से लेकर कई थाना प्रभारियों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने अपने संदेश में कहा कि यह अभियान केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों के मन में देश के प्रति गर्व की भावना जगाना और स्वच्छता की आदत को जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस का पर्व तभी सार्थक होगा, जब हम अपने परिवेश को स्वच्छ रखेंगे और देश की एकता को मजबूत करेंगे।

रैली को लेकर शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह लोग तिरंगा लहराते हुए बाइक रैली का स्वागत करते नजर आए। कई स्थानों पर नागरिकों ने पुलिसकर्मियों पर फूल बरसाए और उनके देशप्रेम के जोश को सलाम किया।

कार्यक्रम आयोजित

“हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता” अभियान 11 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा, जिसमें शहरभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान लोगों को अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने और आसपास के क्षेत्रों की सफाई करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ती है, बल्कि नागरिकों में अपने शहर और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp