इंदौर के खुड़ैल रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीफार्मा के छात्र की जान चली गई। देवगुराडिया रोड पर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक सड़क पर ही बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घायल युवक को तत्काल Maharaja Yeshwantrao Hospital (एमवाय अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जुनेद (24) पुत्र जावेद, निवासी काजी पलासिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इंदौर के खुड़ैल रोड पर दर्दनाक हादसा
परिजनों ने बताया कि जुनेद Index Medical College में बीफार्मा अंतिम वर्ष का छात्र था। अप्रैल में उसकी डिग्री पूरी होने वाली थी। वह दवा बाजार की एक मेडिकल दुकान पर काम सीखने जाता था और भविष्य में अपनी खुद की मेडिकल दुकान खोलने का सपना देख रहा था। परिवार में उसके दो छोटे भाई हैं, जबकि पिता खेती का काम करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्राला चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्राले की रफ्तार तेज थी। खुड़ैल पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ट्राले ने उसी दौरान दो अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी थी। हालांकि उन वाहन चालकों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पूरी घटना की क्रमवार जानकारी सामने आ सके।
