,

इंदौर में बच्चा चोरी की अफवाहों के बीच महिला पर संदेह, पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा

Author Picture
Published On: 16 February 2026

इंदौर में बच्चा चोरी की घटनाओं को लेकर पहले से ही सतर्कता का माहौल है। इसी बीच द्वारकापुरी क्षेत्र में रविवार रात एक 11 वर्षीय बच्चे को अपने साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि बच्चे के दोस्त ने समय रहते आवाज लगा दी, जिससे वह तुरंत महिला के पास से लौटकर अपने साथियों के पास आ गया।

जानकारी के मुताबिक महाशिवरात्रि की रात सांई मंदिर, अहिल्या परिसर के पास बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला युग नाम के बच्चे को अपने साथ ले जाती दिखाई दी। बताया जा रहा है कि महिला उसी इलाके में दो गलियों दूर रहती है। बच्चे के दोस्त ने जैसे ही उसे आवाज दी, वह वापस लौट आया। घटना के बाद बच्चे के परिजन महिला के घर पहुंचे और उसके बेटे से बातचीत की। बेटे ने पूरे मामले को गलतफहमी बताया।

इंदौर पुलिस तक पहुंचा मामला

बाद में युग के परिजन Dwarakapuri Police Station पहुंचे और टीआई मनीष मिश्रा को सीसीटीवी फुटेज दिखाया। पुलिस ने महिला को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह रास्ता भटक गई थी और बच्चे से अपने घर का पता पूछ रही थी। जांच के दौरान पुलिस को महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

FIR दर्ज कराने से किया इनकार

पुलिस अधिकारियों ने बच्चे के परिजनों को एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने शिकायत देने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि बच्चा सुरक्षित है और किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। पुलिस ने भी फिलहाल मामले को संदिग्ध लेकिन गैर-आपराधिक मानते हुए आगे की कार्रवाई नहीं की है।

पुलिस की एडवाइजरी

कुछ दिन पहले Rajesh Dandotiya ने सोशल मीडिया पर एडवाइजरी जारी कर बच्चा चोरी की झूठी अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पुलिस का कहना है कि बिना पुष्टि के संदेश शेयर करने से शहर में अनावश्यक भय का माहौल बनता है। अधिकारियों ने अभिभावकों से सतर्क रहने के साथ-साथ अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp