जबलपुर | मध्य प्रदेश के जबलपुर के नागरथ चौक पर मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब दो घोड़े आपस में बुरी तरह भिड़ गए। यह टकराव इतना उग्र था कि राह चलते लोग सहम गए। चौराहे पर मौजूद लोगों ने दोनों जानवरों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन दोनों घोड़े इतने बेकाबू थे कि किसी की नहीं सुन रहे थे। देखते-ही-देखते दोनों दौड़ते हुए एक शोरूम में जा घुसे और वहां जमकर तोड़फोड़ कर दी।
कीमती सामान क्षतिग्रस्त
घोड़ों के बीच हो रही लड़ाई से शोरूम में रखे कई कीमती सामान क्षतिग्रस्त हो गए। कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दोनों जानवर शोरूम से निकलकर फिर सड़क पर दौड़ने लगे। इस बीच एक ई-रिक्शा जिसमें कुछ सवारी बैठी थीं, चौराहे से गुजर रहा था। तभी एक घोड़ा अचानक सीधे रिक्शा में घुस गया।
दो सवारी हुए घायल
हादसे में रिक्शा चालक सहित दो सवारी बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घोड़ा ऑटो में घुसते ही छटपटाने लगा। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि घोड़े को निकाला कैसे जाए। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल भिजवाया। वहीं, आधे घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह घोड़े को भी रिक्शा से बाहर निकाला गया।
इलाके में दहशत
घटना से पूरा इलाका दहशत में आ गया। व्यापारी और स्थानीय लोग इस अप्रत्याशित घटना से हैरान थे। कई लोगों ने गुस्से में नगर निगम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि ये दोनों घोड़े बीते कई दिनों से चौराहे पर खुले घूमते हुए देखे जा रहे थे और अक्सर आपस में लड़ते रहते थे। लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की।
स्थानीय लोगों ने कही ये बात
स्थानीय निवासी मेहमूद ने कहा, “हमने निगम को बार-बार सूचना दी थी, लेकिन कोई नहीं आया। अब जब हादसा हो गया है और लोग घायल हो चुके हैं, तब शायद ध्यान दिया जाएगा। जिन लोगों के ये घोड़े हैं, उनके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।” प्रत्यक्षदर्शी राजू ने बताया कि चौराहे पर रोजाना तीन-चार घोड़े घूमते रहते हैं। ये कभी दुकानों में घुस जाते हैं तो कभी राह चलते लोगों को परेशान करते हैं। आज के हादसे में ई-रिक्शा चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।