जबलपुर में डीएफओ (वर्किंग प्लान) के पद पर पदस्थ 2013 बैच के आईएफएस अधिकारी विपिन पटेल ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। हाल ही में उन्होंने भारतीय वन सेवा से अनकंडीशनल इस्तीफा भेजा था, जिससे विभाग में हलचल मच गई थी। अब उन्होंने वन विभाग को पत्र देकर त्यागपत्र वापसी की जानकारी दी है।
इस्तीफा दिए जाने के बाद उनकी पत्नी ने पीसीसीएफ एंड हॉफ को आवेदन सौंपकर आग्रह किया था कि त्यागपत्र स्वीकार न किया जाए। आवेदन में कहा गया था कि उस समय विपिन पटेल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसी कारण उन्होंने जल्दबाजी में निर्णय लिया। इसके बाद विभाग ने ई-मेल के जरिए तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा था। जवाब में पटेल ने अपना इस्तीफा वापस लेने की इच्छा जताई।
आईएफएस अधिकारी विपिन पटेल
विपिन पटेल ने 4 फरवरी को पीसीसीएफ एंड हॉफ को भेजे पत्र में निजी कारणों का हवाला देते हुए सेवा से मुक्त करने का अनुरोध किया था। उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रति वन विभाग के सचिव को भी भेजी थी। हालांकि अब दिए गए पत्र में उन्होंने स्वीकार किया है कि भावनात्मक स्थिति ठीक न होने के कारण यह कदम उठाया गया था।
कई जिलों में रह चुके हैं डीएफओ
विपिन पटेल रीवा, दमोह, सतना और अनूपपुर में डीएफओ रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कुछ निर्णयों को लेकर विवाद भी सामने आए थे। अनूपपुर में जारी एक आदेश को लेकर प्रदेश स्तर पर विरोध हुआ था, जिसमें उच्च पदभार से जुड़े निर्देशों को निरस्त किया गया था। इस मामले में कर्मचारी संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराई थी।
लोकायुक्त में भी शिकायत लंबित
उनके खिलाफ सागर में लोकायुक्त पुलिस में शिकायत दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई थी, जिसकी जांच लंबित बताई जाती है। कर्मचारी मंच के पदाधिकारियों ने पहले भी उनके कुछ आदेशों को अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया था। फिलहाल, वन विभाग ने इस्तीफा वापसी का पत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है। आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत अंतिम निर्णय लिया जाएगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार फिलहाल वे अपने पद पर कार्यरत रहेंगे।
