शनिवार को जबलपुर के उस इलाके में अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां लंबे समय से कुख्यात बदमाश शिब्बू खान का आतंक लोगों की दिनचर्या बिगाड़े हुए था। जैसे ही पुलिस ने शिब्बू खान को गिरफ्तार कर उसी क्षेत्र में जुलूस निकाला, लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। “शिब्बू खान मुर्दाबाद” के नारे गूंजे और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वर्षों से खौफ में जी रही जनता के चेहरे पर पहली बार संतोष साफ नजर आया।
पुलिस के अनुसार शिब्बू खान हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली जैसे कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। इलाके में उसका नाम सुनते ही दुकानदार शटर गिरा देते थे और आम लोग रास्ता बदल लेते थे। गढ़ा थाना क्षेत्र में उसने अपने साथी अतुल साहू के साथ मिलकर दहशत का ऐसा माहौल बना रखा था कि कोई उसके खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत नहीं कर पाता था।
जबलपुर: दहशत के खिलाफ सड़कों पर उतरी पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि 2 और 3 फरवरी को शिब्बू खान ने छुईखदान निवासी लालू पटेल से 20 हजार रुपये की मांग की थी। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इसके बाद पूरे इलाके में भय और बढ़ गया। वारदात के बाद आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो गया था।
गढ़ा थाना पुलिस को गुरुवार रात सूचना मिली कि शिब्बू खान लम्हेटाघाट इलाके में देखा गया है और एक्टिवा से भेड़ाघाट की ओर जा रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी भागने लगा, इसी दौरान वह गिर पड़ा और उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। पुलिस ने मौके से उसे और उसके साथी अतुल साहू को गिरफ्तार कर लिया।
उसी इलाके में निकाला गया जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का उसी क्षेत्र में जुलूस निकाला, जहां उन्होंने लंबे समय तक आतंक फैलाया था। यह जुलूस न सिर्फ कार्रवाई का संदेश था, बल्कि अपराधियों के हौसले तोड़ने की कोशिश भी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि ऐसी सख्ती पहले होती तो शायद कई लोग दहशत का शिकार होने से बच जाते।
गढ़ा थाना पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराध और अवैध वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिब्बू खान और उसके साथी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और अन्य मामलों की भी जांच चल रही है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
