दीपावली की रात जब शहर आतिशबाजी और जश्न में डूबा था, तब जबलपुर के सफाई सैनिक सड़कों पर डटे रहे। लोग घरों में दीए जला रहे थे, और नगर निगम की टीम शहर को चमकाने में जुटी थी। रात 3 बजे से नगर निगम की टीमें झाड़ू, ट्रैक्टर और कचरा गाड़ियों के साथ मैदान में उतर गईं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में 2 हजार से ज्यादा सफाईकर्मियों ने पूरी रात शहर को साफ रखने में मेहनत की।
जबलपुर शहर के सभी 79 वार्डों में रात 3 बजे से सुबह 7 बजे तक सफाईकर्मी जुटे रहे। आतिशबाजी के कचरे, मिठाई के डिब्बे और बिखरी चीजों को कुछ ही घंटों में उन्होंने साफ कर दिया।
मंगलवार सुबह कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार ने पूरे शहर का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी सुबह 3 बजे से ही सफाईकर्मियों के साथ मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने सिविक सेन्टर चौपाटी, भारत माता चौक, करमचंद चौक, मालवीय चौक, तीन पत्ती चौक, बड़े फुहारा, छोटा फुहारा, दमोह नाका, रानीताल यादव कॉलोनी, विजय नगर, अधारताल और गढ़ा सहित कई इलाकों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने दी बधाई
सफाई निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम टीम की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “वाह, वेल डन नगर निगम टीम!”। सफाईकर्मियों के समर्पण और मेहनत को देखते हुए उन्होंने खुद अपने हाथों से मिठाई खिलाई और सभी कर्मियों को घर ले जाने के लिए मिठाई के डिब्बे भेंट किए। साथ ही संभागायुक्त धनंजय सिंह के बीच में होने से सफाईकर्मियों में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा। वरिष्ठ महिला सफाई संरक्षकों ने अधिकारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद लिया।
निरीक्षक भी मौजूद
इस मौके पर अपर आयुक्त (वित्त) प्रशांत गोटिया, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे, सहायक यंत्री देवेंद्र चौहान, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, धर्मेंद्र राज, पोलाराव, अर्जुन यादव सहित सभी 16 संभागों के मुख्य स्वच्छता निरीक्षक और स्वच्छता निरीक्षक मौजूद थे।
