जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित ओमनगर में चोरी के शक में एक युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि टेंट संचालक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर युवक को घर से जबरन उठाया, सुनसान स्थान पर ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा और फिर सड़क किनारे घायल हालत में छोड़कर फरार हो गया। देर रात राहगीरों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है। घायल की पहचान राजेश केवट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ओमनगर में भागवत कथा का आयोजन चल रहा था, जिसमें बालाजी टेंट संचालक का सामान लगा हुआ था। बुधवार रात कथा समाप्त होने के बाद संचालक पिंटू सेन ने जब सामान की गिनती की, तो माइक और सीढ़ी गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें एक युवक दिखाई दिया। स्थानीय स्तर पर पूछताछ के बाद उसकी पहचान राजेश के रूप में की गई।
जबलपुर: घर से उठाकर ले जाने का आरोप
बताया जा रहा है कि देर रात पिंटू अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ राजेश के घर पहुंचा और सामान के बारे में पूछताछ की। राजेश ने चोरी से इनकार किया। इसके बाद आरोप है कि उसे जबरन घर से बाहर निकालकर वाहन में बैठाया गया और शहर से दूर ले जाकर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित की बहन का कहना है कि उसके भाई पर झूठा आरोप लगाकर बेरहमी से पीटा गया। उनका दावा है कि राजेश मजदूरी करता है और चोरी से उसका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान क्षेत्रीय पार्षद भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने गोहलपुर थाना पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
