, ,

MP के कॉलेजों में दाखिले का आखिरी मौका, स्पेशल सीएलसी राउंड शुरू

Author Picture
Published On: 30 August 2025

भोपाल | MP के कॉलेजों में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्सेस में दाखिले के लिए छात्रों को अब अंतिम अवसर दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग ने विशेष सीएलसी (काउंसलिंग लेटर कम एडमिशन) राउंड की घोषणा की है। इस राउंड में एडमिशन की प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कॉलेजों में प्रवेश का अंतिम चरण है और इसके बाद दाखिले का कोई अवसर नहीं मिलेगा।

6 सितंबर तक जमा करनी होगी फीस

स्पेशल सीएलसी राउंड 1 सितंबर से शुरू होकर 6 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान छात्र सीधे कॉलेज पहुंचकर उपलब्ध सीट पर प्रवेश पा सकेंगे। एडमिशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए फीस उसी दिन जमा करना अनिवार्य होगा। आदेश में कहा गया है कि शाम 5 बजे तक फीस जमा नहीं करने पर प्रवेश रद्द हो जाएगा और वह सीट किसी अन्य छात्र को मिल जाएगी।

केवल रजिस्टर्ड सीटों पर होगा दाखिला

इस चरण में विद्यार्थी केवल उन्हीं सीटों पर दाखिला ले पाएंगे, जो पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं। छात्र अपने लॉगिन और कॉलेज लॉगिन से सीटों की उपलब्धता देख सकते हैं। यदि सीटें खाली हैं तो तुरंत कॉलेज जाकर फीस जमा कर एडमिशन लिया जा सकता है। इस बार नए रजिस्टर्ड छात्र केवल एक ही कॉलेज में पंजीयन कर पाएंगे।

होगी वेरिफिकेशन प्रक्रिया

स्पेशल राउंड में प्रवेश पाने के लिए छात्र को पहले हेल्प सेंटर पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराना होगा। इसके बाद ही फीस जमा करने और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होगी। विभाग ने कॉलेज प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित विश्वविद्यालय से समन्वय कर मेजर और माइनर विषयों के चयन की प्रक्रिया पूरी करें।

खाली सीटें भरने की कोशिश

पिछले राउंड्स में कई विद्यार्थी मनचाहे कॉलेज या विषय से वंचित रह गए थे। साथ ही, बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई थीं। इन्हीं सीटों को भरने के लिए विभाग ने यह कदम उठाया है। विशेषकर ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर पर खाली सीटों को भरने के लिए यह स्पेशल राउंड अहम साबित होगा।

छात्रों के लिए बड़ा अवसर

जो विद्यार्थी अब तक किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले पाए थे, उनके लिए यह अंतिम और बड़ा मौका है। विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों को जल्द से जल्द कॉलेज जाकर प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए, क्योंकि यह राउंड पूरी तरह पहले आओ-पहले पाओ पर आधारित है और किसी भी समय सीटें भर सकती हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp