,

उज्जैन में कीर समाज महासम्मेलन का हुआ आयोजन, CM बोले- “संगठित समाज ही रचता है इतिहास”

Author Picture
Published On: 25 August 2025

भोपाल/उज्जैन | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब कोई समाज संगठित होकर काम करता है, तो वह इतिहास रचता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि भगवान श्रीराम की मदद में कीर समाज ने अहम भूमिका निभाई थी और बदले में केवल आशीर्वाद ही लिया था।

मुख्यमंत्री अपने निवास से वर्चुअल माध्यम से उज्जैन में आयोजित कीर समाज महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कीर समाज ने भगवान राम को सिर्फ मनुष्य नहीं, बल्कि भगवान के रूप में पहचाना था। आज यही समाज शिक्षा, नशा मुक्ति और रचनात्मक कार्यों के जरिए प्रगति कर रहा है।

अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान

डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने का अवसर उन्हें समाज के आशीर्वाद से मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही छात्रवृत्ति, यूनिफॉर्म और पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराकर बच्चों की पढ़ाई आसान बनाई जा रही है।

महासम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की महिलाओं से भी संवाद किया। उन्होंने लाड़ली बहना योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से अपील की कि सांस्कृतिक पर्व मिलजुलकर मनाएं, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें और आध्यात्मिक चेतना के लिए संगठित प्रयास करें।

कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण

इस अवसर पर कीर समाज की प्रदेश कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण हुआ। सम्मेलन में विचार-विमर्श के सत्र आयोजित किए गए और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में मां पूरी बाई कीर कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गया प्रसाद कीर, समाज के प्रदेश अध्यक्ष कोमल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधन किया।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp