,

उज्जैन में 26 फरवरी को महाकाल का 26वां शाही रिसेप्शन, नगरकोट से निकलेगी भव्य बारात

Author Picture
Published On: 21 February 2026

उज्जैन में महाशिवरात्रि (15 फरवरी) पर दर्शन के बाद अब एक बार फिर धार्मिक उल्लास का माहौल बनने जा रहा है। 26 फरवरी को बाबा महाकाल का 26वां शाही रिसेप्शन और भव्य नगर भोज आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं और शहरभर में आमंत्रण बांटे जा रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी कार्यक्रम नरसिंह घाट के सामने स्थित कुमावत धर्मशाला में होगा।

आयोजकों ने इस अवसर पर पारंपरिक विवाह निमंत्रण की शैली में विशेष पत्रिका छपवाई है। इसमें महिला संगीत, हल्दी-मेहंदी, गणपति पूजन, बारात और शुभ लग्न जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया है। पत्रिका में “दर्शनाभिलाषी: रिद्धि-सिद्धि संग गणेश” और “स्वागतातुर तैंतीस करोड़ देवी-देवता” जैसी पंक्तियों के जरिए धार्मिक भाव को प्रमुखता दी गई है। मंगलवार से घर-घर और प्रतिष्ठानों पर पीले चावल के साथ निमंत्रण वितरण शुरू हो गया है। सबसे पहले निमंत्रण चिंतामन गणेश मंदिर में अर्पित किया गया, इसके बाद नगरकोट क्षेत्र में आमजन को आमंत्रित किया गया।

उज्जैन कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल

25 फरवरी (बुधवार) को गणपति पूजन, हल्दी-मेहंदी और महिला संगीत का आयोजन होगा। 26 फरवरी (गुरुवार) को सुबह 10 बजे गणपति पूजन, दोपहर 1 बजे से महिला संगीत और शाम 5 बजे शुभ लग्न की रस्में होंगी। दोपहर 1 बजे से नगरकोट मंदिर से शाही बारात का प्रस्थान तय है। महिला संगीत में हारमोनियम, तबला और सारंगी के साथ गायन-नृत्य की प्रस्तुति होगी।

नगरकोट से निकलेगी शाही बारात

आयोजक महेंद्र कटियार के अनुसार, शाही बारात नगरकोट से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शाम 7 बजे कुमावत धर्मशाला पहुंचेगी। बारात में प्रतीकात्मक रूप से भूत, चुड़ैल और पिशाच स्वरूप झांकियां भी शामिल रहेंगी, जिनमें श्रद्धालु सहभागिता कर सकेंगे। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी रमन त्रिवेदी और दिनेश पुजारी बारात का स्वागत करेंगे।

भजन संध्या और विशाल नगर भोज

रिसेप्शन के दौरान भजन संध्या का आयोजन होगा। भजन गायक किशन भगत, मनीष तिवारी और श्वेता जोशी भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। अंत में श्रद्धालुओं के लिए विशाल नगर भोज रखा जाएगा। इस अनूठे आयोजन को लेकर उज्जैन में खासा उत्साह है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp