उज्जैन के योगेश्वरी टेकरी क्षेत्र में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में रखे फ्रिज में अचानक विस्फोट हो गया। शाम करीब 4:30 बजे हुए इस हादसे में शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के मकानों में रखा घरेलू सामान भी इसकी चपेट में आ गया।
आग की शुरुआत जिस मकान से हुई, वहां रखा लगभग पूरा सामान जल गया। इसके साथ ही पास के एक अन्य मकान में भी भारी नुकसान हुआ। आग की लपटें फैलती हुई आसपास के तीन और घरों तक पहुंच गईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय किसी भी मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
उज्जैन में फ्रिज ब्लास्ट से भीषण आग
आसपास रहने वाले लोगों ने जब घरों से धुआं उठता और आग की लपटें देखीं, तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति राहत कार्य में बड़ी बाधा बन गई। योगेश्वरी टेकरी क्षेत्र ऊंचाई पर स्थित है, जिस कारण दमकल की गाड़ियां सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। दमकल कर्मियों ने नीचे से लंबी पाइपलाइन बिछाकर पानी ऊपर पहुंचाया। कड़ी मशक्कत और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक चार मकान पूरी तरह जल चुके थे।
सबसे ज्यादा नुकसान एक परिवार को
इस आगजनी में सबसे अधिक नुकसान गोरेश्वरी तंवर के मकान को हुआ। उन्होंने बताया कि आग में उनका पूरा घर जलकर राख हो गया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बर्तन और जरूरी दस्तावेज सब कुछ नष्ट हो गया। परिवार के लोग उस समय घर पर मौजूद नहीं थे, इसलिए उन्हें घटना की जानकारी बाद में मिली।घटना के बाद क्षेत्र में लोग प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से होने वाली घटनाओं को देखते हुए पुराने बिजली उपकरणों और वायरिंग की जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
