,

सिंहस्थ-2028 घाट निर्माण में हादसा, मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत

Author Picture
Published On: 12 February 2026

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शिप्रा नदी किनारे बन रहे घाटों के निर्माण के दौरान बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से एक मजदूर मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शांति पैलेस क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।

सिंहस्थ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन त्रिवेणी से अंगारेश्वर मंदिर तक करीब 29 किलोमीटर लंबे घाटों का निर्माण करा रहा है। इसी निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। नीलगंगा थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश (35) पिता नरसिंगा, निवासी डुंगरगांव, जिला बड़वानी के रूप में हुई है। वह निर्माण स्थल पर मिट्टी की खुदाई कर रहा था, तभी अचानक मिट्टी धंस गई।

सिंहस्थ-2028

हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत सुरेश को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि सुरेश करीब एक माह पहले ही उज्जैन मजदूरी करने आया था। इससे पहले वह अन्य काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुरेश अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गया है, जिनकी जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp