उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शहर में नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल शुरू की है। महापौर मुकेश टटवाल और निगम अध्यक्ष कलावती यादव के निर्देश पर मंगलवार 03 फरवरी को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में ‘जल सुनवाई’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को घर-घर जाकर समाधान देने के बजाय एक तय स्थान पर उनकी समस्याएं सुनकर त्वरित कार्रवाई करना है।
नगर निगम द्वारा शहर के कुल 9 स्थानों पर जल सुनवाई आयोजित की जा रही है। इसमें गुदरी टंकी, चार धाम टंकी, रवि शंकर टंकी, नागझिरी टंकी, सुभाष नगर टंकी, पार्श्वनाथ टंकी, बसंत विहार टंकी, देवास गेट टंकी के साथ नगर निगम मुख्यालय और कलेक्ट्रेट भवन शामिल हैं। सभी स्थानों पर यह सुनवाई सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। नगर निगम का दावा है कि अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजन से ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
उज्जैन में पेयजल
जल कार्य एवं सीवरेज समिति प्रभारी प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस सुनवाई में पीएचई विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। नागरिक अपनी समस्या सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे, जिससे शिकायतों का समाधान तेजी से किया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौके पर ही प्राथमिक जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इन समस्याओं का होगा समाधान
जल सुनवाई के दौरान पेयजल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसमें पानी की पाइपलाइन या लीकेज से संबंधित शिकायतें, नए या खराब नल कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं, बोरवेल की खराबी या रखरखाव से जुड़े मुद्दे, हैंडपंप खराब होने की शिकायतें और पानी की गुणवत्ता जांच के लिए नमूना संग्रह शामिल हैं। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्या से जुड़े दस्तावेज या जानकारी साथ लेकर आएं, जिससे समाधान की प्रक्रिया तेज हो सके।
नागरिकों को राहत देने की कोशिश
नगर निगम का मानना है कि शहर में बढ़ती आबादी और जल आपूर्ति व्यवस्था के दबाव को देखते हुए इस तरह की पहल जरूरी हो गई है। जल सुनवाई के जरिए न सिर्फ शिकायतों का समाधान होगा, बल्कि जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी जरूरी फीडबैक मिल सकेगा। प्रशासन का कहना है कि अगर यह प्रयोग सफल रहा तो भविष्य में इसे नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
