महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उज्जैन में हाई अलर्ट घोषित कर पुलिस ने शहरभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। खास तौर पर देवास गेट से रेलवे स्टेशन तक पुलिस की टीमों ने लगातार तलाशी और पूछताछ की कार्रवाई की। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यह अभियान एहतियात के तौर पर चलाया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत देवास गेट थाना क्षेत्र से की गई। यहां बस स्टैंड पर मौजूद लोगों की जांच की गई और संदिग्ध नजर आने वालों से पूछताछ की गई। पुलिस ने दो युवकों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली और पहचान संबंधी दस्तावेज जांचे। इस दौरान करीब 11 बाहरी लोग शहर में प्रवेश करते पाए गए, जिनमें से कुछ के पास आधार कार्ड नहीं था। तीन व्यक्ति बिना पहचान पत्र के संदिग्ध पाए गए, जिन्हें आगे की पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से अलग से बातचीत कर उनके सामान की जांच की।
उज्जैन हाई अलर्ट पर
इसके बाद पुलिस दल रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई। प्लेटफॉर्म नंबर एक से अंतिम छोर तक तलाशी अभियान चलाया गया। कचरा पेटियों, प्रतीक्षालय और यात्रियों के बैग तक की बारीकी से जांच की गई। इस संयुक्त कार्रवाई में बीडीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, आरपीएफ, साइबर सेल और सूचना संकलन इकाई भी शामिल रही। पूरे शहर में करीब 100 पुलिसकर्मी पांच अलग-अलग टीमों में तैनात होकर अभियान में जुटे रहे। फुटपाथों और आसपास के क्षेत्रों में बैठे लोगों से भी पूछताछ की गई।
अधिकारियों ने बताया अभियान का उद्देश्य
क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। ऐसे में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बीडीएस टीम के उप निरीक्षक महेश शर्मा के अनुसार डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। क्राइम ब्रांच की इंस्पेक्टर पुष्पा पंचाल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सुबह और शाम नियमित सर्चिंग की जा रही है।
पर्व तक जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महाशिवरात्रि तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। डेरों और अस्थायी ठिकानों पर भी सर्चिंग की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। प्रशासन का लक्ष्य है कि महाकाल की नगरी में महाशिवरात्रि शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।
