,

उज्जैन को मिलेगा नया स्वाद का ठिकाना, अंतिम चरण में शहर का पहला फूड जोन ‘नैवेद्य लोक’

Author Picture
Published On: 5 February 2026

उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में विकसित किया जा रहा शहर का पहला फूड जोन ‘नैवेद्य लोक’ अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। सिविल निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और परिसर को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। रात के समय रोशनी से जगमगाता यह फूड जोन दूर से ही लोगों का ध्यान खींच रहा है और उद्घाटन से पहले ही उज्जैन के नए आकर्षण के रूप में पहचाना जाने लगा है।

इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान की तर्ज पर तैयार किए जा रहे ‘नैवेद्य लोक’ में लोगों को एक ही जगह पर शाकाहारी और स्थानीय स्ट्रीट फूड का लुत्फ मिलेगा। इसका उद्देश्य उज्जैन को केवल धार्मिक नगरी तक सीमित न रखकर एक ऐसे शहर के रूप में विकसित करना है, जहां श्रद्धा के साथ-साथ स्वाद का भी अनूठा संगम देखने को मिले। महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह फूड जोन एक नया ठहराव केंद्र बन सकता है।

उज्जैन को मिलेगा नया स्वाद का ठिकाना

परिसर में कुल 34 दुकानें बनाई गई हैं, जहां स्थानीय व्यंजन, चाट, स्नैक्स, फास्ट फूड और कैजुअल डाइनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। पहले 36 दुकानों का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन अंतिम डिजाइन में 34 दुकानों को शामिल किया गया है। इन दुकानों में उज्जैन और मालवा क्षेत्र के पारंपरिक स्वाद के साथ आधुनिक फूड आइटम भी मिलेंगे।

नो-व्हीकल जोन में खुला और सुरक्षित माहौल

‘नैवेद्य लोक’ को पूरी तरह नो-व्हीकल जोन के रूप में विकसित किया गया है। परिसर के भीतर किसी भी तरह के वाहनों का प्रवेश नहीं होगा, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के घूमते हुए भोजन का आनंद ले सकें। खुला वॉकवे, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और महिलाओं व बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण इस फूड जोन की खास पहचान होगी।

इस फूड जोन को आधुनिक लाइटिंग और ओपन डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। जैसे ही शाम ढलती है, पूरा परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठता है, जो इसे एक अलग ही पहचान देता है। प्रवेश द्वार, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मार्च-अप्रैल में खुलने की संभावना

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सभी तैयारियां पूरी होने के बाद ‘नैवेद्य लोक’ को मार्च–अप्रैल तक आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होते ही उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ फूड टूरिज्म का भी नया केंद्र मिलने की उम्मीद है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp